राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 17 जून 2026ः
उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जारी होने वाली 23वीं किस्त के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के उत्तराखंड दौरे पर आने की तैयारियों पर भी चर्चा की।
कृषि मंत्री ने कहा कि 20 जून को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर हरिद्वार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाए। साथ ही प्रदेश के सभी विकासखंडों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने और सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
गणेश जोशी ने अधिकारियों को 26 जून को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पंतनगर और रुद्रपुर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियां भी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में किसानों के हित से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, कृषि नवाचारों और आधुनिक तकनीकों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए, ताकि किसानों को इनका अधिकतम लाभ मिल सके।
मंत्री ने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथों फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न जनपदों में स्थापित किए जाने वाले वेदर स्टेशनों का शुभारंभ प्रस्तावित है। इसके अलावा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत 25 करोड़ रुपये की धनराशि से प्रदेश के विभिन्न जिलों में क्लस्टर आधारित कार्यों की शुरुआत भी की जाएगी।
बैठक में सचिव कृषि सुरेन्द्र नारायण पांडे, अपर सचिव कृषि आनन्द श्रीवास्तव, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, निदेशक हॉर्टिकल्चर मिशन महेन्द्र पाल, संयुक्त कृषि निदेशक अभय सक्सेना मौजूद रहे।






