Uttarakhand

डिजिटल इंडिया से आत्मनिर्भर भारत तक…धामी ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

आवास, आयुष्मान, उज्ज्वला और हर घर जल जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को मिला लाभ, धामी बोले-केंद्र की योजनाओं ने बदली विकास की तस्वीर

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 12 जून 2026:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि यह अवधि केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं बल्कि भारत के गौरव, आत्मविश्वास और विकास की ऐतिहासिक यात्रा के 12 वर्ष हैं।

धामी ने कहा कि पहले योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह जाती थीं लेकिन आज डिजिटल व्यवस्था और पारदर्शी नीति के चलते योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंच रहा है। इससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका लगभग समाप्त हुई है साथ ही आत्मनिर्भर भारत बनने की दिशा में मोदी सरकार की योजनाओं से जनता को बहुत लाभ हुआ है।

Digital India to Atmanirbhar Bharat A New Era (1)

प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए धामी ने बताया कि इस योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पक्के घर मिले हैं जबकि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिली है। साथ ही उज्जवल योजना, हर घर नल-हर घर जल जैसी योजनाओं ने ग्रामीण एवं शहरी लोगों के जीवन को बेहतर बनाया है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण हो रहा है। वहीं आदि कैलाश यात्रा को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 35 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं जो राज्य में बढ़ती धार्मिक संस्कृति का प्रमाण है।

इस दौरान सरकार की उपलब्धियों पर एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजानदास, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार प्रभारी समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button