योगेंद्र मलिक
पौड़ी गढ़वाल, 4 जून 2026:
चारधाम यात्रा और आगामी मानसून को देखते हुए प्रशासन स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर अलर्ट नजर आ रहा है। गुरुवार को गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू, ब्लड बैंक, माइक्रोबायोलॉजी लैब, बायोकेमिस्ट्री लैब, पैथोलॉजी लैब और कैथ लैब सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और डॉक्टरों को उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्होंने कहा कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रहनी चाहिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने आगामी मानसून और संभावित आपदाओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त चिकित्सा उपकरणों, संसाधनों और मानव संसाधन की मांग संबंधी प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए फिटर एवं विद्युत कर्मियों की आवश्यकता संबंधी प्रस्ताव भी शीघ्र भेजने को कहा।
मंडलायुक्त ने अस्पताल की सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि अस्पताल को एसटीपी प्रणाली से जोड़ने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने तथा निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का कार्य समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम नूपुर वर्मा, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. दीपा हटवाल , प्रशासनिक अधिकारी संदीप पवार समेत कई अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी मौजूद रहे।






