Uttarakhand

यूकेडी ने कैबिनेट मंत्री के खिलाफ खोला मोर्चा… मांगा इस्तीफा, लगाए ये आरोप

उत्तराखंड क्रांति दल में सुबोध उनियाल के अमर्यादित बयानों से नाराजगी, मंत्री ने नरेंद्र नगर में नगर पालिका उपचुनाव के दौरान दिया था बयान, बोले- सार्वजनिक रूप से मांगें माफी, निर्वाचन आयोग में दर्ज शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की मांग

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 12 जून 2026ः

उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। यूकेडी नेताओं ने कहा कि नरेंद्र नगर उप चुनाव के दौरान कैबिनेट मंत्री ने राज्य आंदोलनकारी प्रमिला रावत और युद्ध में दिव्यांग पूर्व सैनिक सूबेदार वीर सिंह पंवार के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, जो निंदनीय है।

देहरादून में पत्रकारों से बातचीत में यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं सेनि. कर्नल सुनील कोटनाला ने कहा कि बीती नौ जून को नरेंद्र नगर में नगर पालिका उपचुनाव के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का अमर्यादित व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है। उन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों का अपमान किया है। इसके लिए कैबिनेट मंत्री तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दें और अपने कथित अमर्यादित व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना करें।

सुनील कोटनाला ने मंत्री के पीआरओ और ड्राइवर पर राज्य आंदोलनकारी महिला के साथ कथित छीना-झपटी व अभद्र व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यह भी कहा कि नगर पालिका उपचुनाव के दौरान आचार संहिता के कथित उल्लंघन की जांच कराई जाए और निर्वाचन आयोग में दर्ज शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि अगर मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं और राज्य आंदोलनकारी से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो उनके आवास का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर यूकेडी पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महिपाल सिंह पुंडीर और शांति भटु ने विचार व्यक्त किए।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button