अमेठी, 12 जून 2026:
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी होते ही अमेठी में गड़बड़ियों के आरोप सामने आने लगे हैं। गौरीगंज ब्लॉक की मेदन मवई ग्राम पंचायत में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन इरानी का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। वहीं कई ऐसे लोगों के नाम सूची में दर्ज बताए जा रहे हैं जिनकी मौत हो चुकी है।
ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि तीरथराज मिश्र ने बताया कि स्मृति इरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जरूरी दस्तावेज समय रहते बीएलओ को सौंप दिए गए थे। इसके बावजूद उनका नाम अंतिम सूची में नहीं जोड़ा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रभान सिंह, देवीबख्श, शिवमोहन, शिव बहादुर, मालती देवी, रामदुलारे, सुमन, राधा, रामकृपाल, रामपति और संतोष समेत कई मृतकों के नाम अब भी सूची में बने हुए हैं। इनके नाम हटाने के लिए पहले ही संबंधित दस्तावेज जमा किए जा चुके थे।
मामले पर एसडीएम प्रीति तिवारी ने कहा कि शिकायत को संज्ञान में लिया गया है। संबंधित खंड विकास अधिकारी को जांच कर जरूरी संशोधन करने के निर्देश दिए गए हैं। दावा-आपत्ति के आधार पर पात्र लोगों के नाम जोड़े जाएंगे और मृतक या अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने बताया कि स्मृति इरानी का नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है। पंचायत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए भी सभी जरूरी अभिलेख बीएलओ को उपलब्ध कराए गए थे। इस संबंध में प्रशासन से बातचीत की गई है और सुधार का भरोसा मिला है।






