Sitapur City

नैमिषारण्य आश्रम से 3 वेदपाठी छात्र लापता, सुबह गिनती में थे मौजूद, प्रार्थना के समय नहीं मिले

दस फीट ऊंची दीवार फांदकर भागने की आशंका, आश्रम में रहते हैं करीब 150 विद्यार्थी, लखनऊ, अयोध्या व हरदोई से परिजन भी नैमिषारण्य पहुंचकर तलाश में जुटे, सीतापुर पुलिस ने संभावित रास्तों की पड़ताल शुरू की, CCTV फुटेज से सुराग मिलने की उम्मीद

सीतापुर, 20 अगस्त 2026:

यूपी के सीतापुर जिले में नैमिषारण्य स्थित श्री अध्यात्म विद्यापीठ ब्रह्मचर्य आश्रम आवासीय विद्यालय से वेद शिक्षा ले रहे तीन छात्र गुरुवार सुबह संदिग्ध हालात में लापता हो गए। तीनों छात्रों के एक साथ गायब होने की सूचना के बाद आश्रम प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

मंगल आरती में तीनों छात्र मौजूद थे

आश्रम के आचार्य मोहित के मुताबिक, सुबह करीब पांच बजे मंगल आरती के समय विद्यार्थियों की गिनती हुई थी। उस दौरान तीनों छात्र आश्रम में मौजूद थे। करीब छह बजे प्रार्थना के समय दोबारा गिनती की गई तो तीनों नहीं मिले।

ये भी पढ़ें:

10 फीट की दीवार से बाहर निकलने की आशंका

प्रबंधन के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि तीनों छात्र आश्रम की करीब 10 फीट ऊंची दीवार फांदकर बाहर निकले हो सकते हैं। इसके बाद उनके संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है। आश्रम परिसर में करीब 150 विद्यार्थी रहकर पढ़ाई करते हैं।

तीनों की उम्र 11 से 13 साल

लापता छात्रों में अनुकेश (12) पुत्र सौरभ मिश्रा, निवासी अल्लीपुर, हरदोई, हिमांशु पांडेय (13) पुत्र अवधेश पांडेय, निवासी आसरेवा, अयोध्या, आर्यन गुप्ता (11) पुत्र धर्मेंद्र गुप्ता, निवासी दुबग्गा रिंग रोड, लखनऊ शामिल हैं। बताया गया है कि हिमांशु का करीब एक महीने पहले आश्रम में दाखिला हुआ था।
naimisharanya-ashram-se-3-vedpathi-chhatra-lapata-sitapur-police (2)

परिजन भी नैमिषारण्य पहुंचे

तीनों के लापता होने की खबर मिलने के बाद उनके परिजन नैमिषारण्य पहुंचे। आश्रम प्रबंधन के साथ परिजन आसपास के इलाकों में बच्चों की तलाश कर रहे हैं। दुकानदारों, राहगीरों समेत स्थानीय लोगों से भी उनके बारे में जानकारी ली जा रही है।

पुलिस खंगालेगी CCTV फुटेज

पुलिस के मुताबिक तीन छात्रों के लापता होने की सूचना मिली है। पुलिस टीम उनकी तलाश कर रही है। छात्रों के संभावित आने-जाने वाले रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांची जा सकती है, जिससे आश्रम से बाहर निकलने के बाद छात्रों की गतिविधियों का पता चल सके।

ये भी पढ़ें  आंधी-तूफान का कहर...96 की मौत, दो महिलाओं के गर्दन सिर कटे, बरेली में टीन शेड संग उड़ा युवक

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button