ReligiousUttar Pradesh

नवरात्रि: विंध्याचल में उमड़ी भारी भीड़… मां के दर्शन को रात से लाइन में लगे रहे श्रद्धालु

भोर में मंगला आरती से पहले ही पहुंच गए थे दर्शनार्थी, 20 घंटे तक खुले रहेंगे मंदिर के कपाट, मेले में सुरक्षा के सख्त इंतजाम

मीरजापुर, 19 मार्च 2026:

वासंतिक नवरात्र शुरू होते ही विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रात से ही लोग मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए कतार में लग गए। सुबह होते-होते मंदिर के न्यू वीआईपी गेट से लेकर करीब 200 मीटर तक लंबी लाइन लग गई। लोग मां की एक झलक पाने को बेताब दिखे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

बता दें कि धाम में नवरात्र मेले की शुरुआत बुधवार रात से ही हो गई। मेला 27 मार्च तक चलेगा। इस दौरान श्रद्धालु करीब 20 घंटे तक मां के दर्शन कर सकेंगे। यहां बुधवार सुबह से ही दर्शनार्थियों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी हो गया था। भीड़ इतनी ज्यादा रही कि कई श्रद्धालु छोटे बच्चों के साथ घंटों लाइन में खड़े रहे। अपनी बारी का इंतजार करते हुए लोग मां की एक झलक पाकर आगे बढ़ते नजर आए। पुरानी वीआईपी गेट से भी दर्शन का सिलसिला जारी रहा।

WhatsApp Image 2026-03-19 at 1.14.56 PM

मां विंध्यवासिनी की भोर 3 बजे मंगला आरती, दोपहर 12 बजे मध्याह्न आरती, शाम 7:15 बजे संध्या आरती और रात 9:30 बजे बड़ी आरती होती है। आज मंगला आरती से पहले ही सैलाब उमड़ पड़ा। मेला क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे इलाके को 10 जोन और 21 सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा तीन एएसपी, 20 सीओ, 50 निरीक्षक, 250 उपनिरीक्षक और करीब तीन हजार पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, 190 सीसीटीवी कैमरे और आठ ड्रोन लगाए गए हैं। भीड़ को संभालने के लिए 10 जगह बैरिकेडिंग की गई है और 21 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अफसर लगातार इंतजाम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें  सांसद चंद्रशेखर को पुलिस ने रोका…जा रहे थे हिंसा प्रभावित संभल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link