Lucknow CityUttar Pradesh

निषाद पार्टी के नेता की हत्या पर लखनऊ से गोंडा तक सियासी बवंडर, धरने के बाद गोंडा घेराव को पहुंचे संजय निषाद

तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद भी थमा नहीं गुस्सा, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल, केजीएमयू में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कल दिया था धरना, धरने में सपा व वीआईपी पार्टी के नेता भी शामिल हुए, आज गोंडा पहुंचे तो बॉर्डर पर पुलिस ने रोका, परसपुर, तरबगंज समेत कई थानों की फोर्स तैनात, कलेक्ट्रेट से पुलिस ऑफिस तक बैरिकेडिंग

लखनऊ/गोंडा, 11 सितंबर 2026:

यूपी के गोंडा जिले में निषाद पार्टी के जिला प्रचारक व बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या को लेकर शुक्रवार को भी तनाव बना हुआ है। 45 वर्षीय विनोद की मौत के बाद विरोध का असर लखनऊ से गोंडा तक दिख रहा है। गुरुवार को केजीएमयू में मत्स्य मंत्री व निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने धरना दिया था। शुक्रवार को वह गोंडा पहुंचे तो उन्हें कर्नलगंज चौराहे के पास रोकने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। गोंडा में परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हैं। कलेक्ट्रेट पर शव रखकर प्रदर्शन की बात कही जा रही है।

हत्या के तीन आरोपित गिरफ्तार

विनोद की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित शुभम सिंह उर्फ गोलू समेत तीन लोगों को गुरुवार रात करीब नौ बजे गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के मुताबिक शुभम के साथ सुभाष सिंह व आकाश सिंह को पकड़ा गया है। विनोद की मौत के करीब छह घंटे के भीतर हुई इस कार्रवाई के बावजूद परिजन पुलिस की भूमिका से संतुष्ट नहीं हैं। बाकी आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

ये भी पढ़ें:

nishad-party-leader-vinod-sahani-murder-sanjay-nishad-gonda-protest (2)

दुकान बंद कर लौटते समय भाला फरसा से किया हमला

विनोद बुधवार रात शाहपुर बाजार स्थित अपनी बर्तन की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। दुकान से करीब 300 मीटर दूर पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने भाला व फरसा से उन पर हमला किया। गंभीर हालत में विनोद को पहले स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद गुरुवार को केजीएमयू रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इंटरनेट मीडिया पोस्ट को लेकर धमकी का आरोप

परिवारीजन का कहना है कि विनोद इंटरनेट मीडिया पर निषाद पार्टी से जुड़े पोस्ट करते थे। इसी वजह से उन्हें पहले भी धमकियां मिल रही थीं। परिवार का आरोप है कि शिकायत किए जाने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। यही मुद्दा अब विरोध का बड़ा कारण बना हुआ है।

nishad-party-leader-vinod-sahani-murder-sanjay-nishad-gonda-protest (3)

केजीएमयू में मंत्री का धरना

विनोद की मौत की जानकारी मिलते ही संजय निषाद केजीएमयू पहुंचे थे। उन्होंने परिवारीजन से मुलाकात के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी व पुलिस की कथित लापरवाही पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया। उन्होंने परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी व शाहपुर चौकी प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी थी कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो शुक्रवार को गोंडा में एसपी आवास व कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

धरने में सपा व वीआईपी पार्टी के नेता भी शामिल

कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, समाजवादी पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप व वीआईपी पार्टी के मुकेश साहनी लखनऊ में KGMU की मर्चुरी के बाहर धरने पर बैठ गए। तीनों अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े नेता पहली बार इस मामले में एक साथ धरने पर नजर आए। धरने पर बैठे तीनों नेताओं ने विनोद की हत्या के मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए।

nishad-party-leader-vinod-sahani-murder-sanjay-nishad-gonda-protest (4)

थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी निलंबित

मामला बढ़ने के बाद देर रात एसपी अभिषेक झा ने परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी व शाहपुर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ बाकी लोगों की तलाश तेज कर दी है। एसपी ने परसपुर थाने की पुलिस के अलावा तीन अन्य टीमें भी लगाई हैं।

nishad-party-leader-vinod-sahani-murder-sanjay-nishad-gonda-protest (5)

गोंडा में सुबह से जुटी भीड़

शुक्रवार सुबह सात बजे से ही विनोद के घर पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। परसपुर, तरबगंज, नवाबगंज समेत कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। सपा के पूर्व मंत्री व करनैलगंज के पूर्व विधायक योगेश प्रताप सिंह समेत कई नेता भी मौके पर पहुंचे हैं। परिजन शव घर पर रखे हुए हैं। उनकी मांग है कि मामले में पुलिस की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई हो।

nishad-party-leader-vinod-sahani-murder-sanjay-nishad-gonda-protest (6)

कलेक्ट्रेट से पुलिस ऑफिस तक बैरिकेडिंग

संजय निषाद के गोंडा पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस ने कर्नलगंज चौराहे पर भारी फोर्स तैनात कर दी। एडिशनल एसपी व क्षेत्राधिकारी समेत पांच थानों की पुलिस लगाई गई है। गोंडा सर्किट हाउस, कलेक्ट्रेट व पुलिस ऑफिस के आसपास भी बैरिकेडिंग की गई है। समर्थकों की ओर से घेराव व नारेबाजी की जा रही है। प्रशासन परिजनों से बातचीत कर अंतिम संस्कार कराने की कोशिश में जुटा है।

अपराधी की कोई जाति नहीं होती

गोंडा पहुंचने से पहले भी संजय निषाद ने पुलिस-प्रशासन से आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती है। उन्होंने विनोद की हत्या में शामिल लोगों की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही।

ये भी पढ़ें  फतेहपुर: 300 मीटर तक डीसीएम ने घसीटा ई-रिक्शा, छात्रा और चालक की मौत

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button