विजय पटेल
रायबरेली, 27 जून 2026ः
यूपी के रायबरेली में जगतपुर और भदोखर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित चौराहे के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में एक होमगार्ड सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद पुराना है। घायलों ने भदोखर थाना क्षेत्र निवासी रवि सिंह और उनके साथियों पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार रवि सिंह का क्षेत्र में शराब का ठेका है और पिछले वर्ष भी शराब के ठेके को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उस मामले में मुकदमा दर्ज होने के साथ चार्जशीट भी कोर्ट में दाखिल की जा चुकी है। घटनास्थल से एक क्षतिग्रस्त कार भी बरामद हुई है। पुलिस पता लगा रही है कि वाहन किसी से टकराया था या उसे जानबूझकर क्षतिग्रस्त किया गया। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
एसपी ने घटना के बाद इलाके में फायरिंग को अफवाह बताया। उन्होंने बताया कि शुरुआती सूचना फायरिंग की मिली थी, लेकिन चिकित्सकीय परीक्षण में किसी भी घायल को गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक कार के भीतर पिस्टल लहराते हुए दिखाई दे रहा हैं। हालांकि पुलिस ने अभी इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।






