एंटरटेनमेंट डेस्क, 27 जून 2026:
लंबे इंतजार के बाद Mirzapur The Movie का पहला टीज़र रिलीज हो गया है। टीज़र सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म की चर्चा तेज हो गई है। पहली बार मिर्जापुर की दुनिया ओटीटी से निकलकर बड़े पर्दे पर पहुंच रही है, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
निर्माताओं ने बताया कि फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कहानी मिर्जापुर सीरीज की मूल टाइमलाइन से जुड़ी रहेगी, लेकिन इसमें दर्शकों को कई नए मोड़ देखने को मिलेंगे। मेकर्स का दावा है कि इस बार कहानी पहले से ज्यादा बड़े कैनवास, शानदार विजुअल्स और दमदार एक्शन के साथ पेश की जाएगी।
टीज़र में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया, अली फज़ल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु अपने चर्चित किरदार में नजर आए हैं। सबसे बड़ा सरप्राइज जितेंद्र कुमार की एंट्री रही, जो बबलू पंडित के रोल में वापसी करते दिखे। रवि किशन भी फिल्म का अहम हिस्सा हैं। कहानी इस बार पूर्वांचल की गलियों से निकलकर राजस्थान के रेगिस्तानों तक पहुंचेगी।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी मजबूत है। इसमें अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस. चौहान अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
Mirzapur The Movie को Amazon MGM Studios और Excel Entertainment प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं। कासिम जगमागिया और विशाल रामचंद्रानी सह-निर्माता हैं। फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज की जाएगी।
टीज़र रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कालीन भैया और गुड्डू पंडित की वापसी ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब सभी की नजर 4 सितंबर को होने वाली फिल्म की रिलीज पर टिकी है।





