Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

‘राहुल गांधी के भाई’ अखिलेश पर राजभर का तंज, बोले- 5 हजार भीड़ नहीं जुटा पाए, क्यों किया धोखा?

प्रयागराज की सभा को लेकर सुभासपा मुखिया का अखिलेश यादव पर हमला, कहा- ‘बड़का भैया’ की इज्जत बचाने के लिए थोड़ी मदद कर देते, अब दोनों भाई बांट लें 200-200 सीट

लखनऊ, 9 अगस्त 2026:

यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग तेज होती जा रही है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। इस बार निशाने पर राहुल गांधी की प्रयागराज सभा और सपा-कांग्रेस के बीच कथित सियासी तालमेल रहा।

ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए तंज कसा- ‘राहुल गांधी जी के भाई अखिलेश यादव जी, गुड मॉर्निंग।’ उन्होंने कहा कि अखिलेश, राहुल गांधी के भाई बने घूम रहे हैं लेकिन भाईचारा निभाना उन्हें नहीं आता।
op-rajbhar-slams-akhilesh-yadav-over-rahul-gandhi-prayagraj-rally (1)

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचे थे। उम्मीद थी कि अखिलेश अपने युवा कार्यकर्ताओं को भेजकर 20-25 हजार की भीड़ जुटाने में मदद करेंगे। उनके मुताबिक सभा में 5 हजार लोग भी नहीं जुट पाए। राजभर ने सवाल किया कि ‘क्यों धोखा किया आपने उनके साथ? कर देते थोड़ी मदद, आपके बड़े भाई की इज्जत बच जाती।’

सुभासपा प्रमुख ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी की सभा के लिए 30 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि कार्यकर्ताओं ने करीब तीन महीने तक तैयारी की। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में करीब 20 हजार झंडे, बैनर और पोस्टर लगाए गए, लेकिन अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी।

राजभर ने कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी को ‘बड़का भैया’ और अखिलेश यादव को ‘छोटका भैया’ बताया। उन्होंने कहा कि एक की सभा रात के अंधेरे में फ्लॉप हुई और दूसरा ‘एसी-पीसी ट्विटर’ से बाहर नहीं निकल रहा। अंत में उन्होंने तंज कसा कि ‘अब दोनों भाई मिल बैठकर बांट लो दो-दो सौ सीट।’

ओम प्रकाश राजभर इससे पहले भी विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर सपा और अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर रहे हैं। चुनावी माहौल गरमाने के साथ उनका यह बयान यूपी की सियासत में नई जुबानी जंग का संकेत माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें  बागपत लड्डू महोत्सव हादसा: मजिस्ट्रेट जांच शुरू, समिति ने की पूछताछ

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button