एंटरटेनमेंट डेस्क, 20 अप्रैल 2026:
कॉमेडी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। लंबे इंतजार के बाद सामने आए इस टीजर के साथ मेकर्स ने फिल्म की नई रिलीज डेट भी बता दी है। पहले यह फिल्म मार्च में आने वाली थी, मगर अब इसे 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया है। यह साल 2019 में आई ‘पति पत्नी और वो’ का सीक्वल है, जिसमें रिश्तों की उलझनों को हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाया गया था। इस बार कहानी में ट्विस्ट बढ़ाया गया है, जहां एक नहीं बल्कि कई ‘वो’ की एंट्री से मामला और पेचीदा हो जाता है।
करीब एक मिनट से ज्यादा के टीजर में अलग-अलग दौर की झलक दिखाई गई है। इसमें दिखाया गया है कि वक्त बदलता गया, हालात बदले, मगर शादीशुदा मर्दों की फितरत में ज्यादा फर्क नहीं आया। इसी थीम के साथ कहानी आगे बढ़ती दिखती है।
टीजर में आयुष्मान खुराना एक साथ कई रिश्तों में फंसे नजर आते हैं। उनके साथ सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह, वामिका गब्बी के साथ रोमांटिक सीन दिखाए गए हैं। हालात ऐसे बनते हैं कि वह खुद ही अपने बनाए जाल में उलझ जाते हैं और उनसे बचने की कोशिश करते नजर आते हैं।
टीजर के आगे के हिस्से में विजय राज की एंट्री होती है, जो पुलिस अफसर के रोल में दिखते हैं। उनके आने के बाद कहानी में पीछा, बचाव और हल्की-फुल्की भागदौड़ वाली कॉमेडी का अंदाज साफ नजर आता है।






