लखनऊ, 20 अप्रैल 2026:
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश भर से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा में उनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि जनसेवा सरकार का मूल कर्तव्य है। 25 करोड़ प्रदेशवासियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
इस दौरान बरेली की रहने वाली दीप्ति की कहानी ने पूरे माहौल को भावुक कर दिया। किराए के मकान में रहने वाली दीप्ति ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। आर्थिक तंगी के चलते बच्चों की परवरिश और पढ़ाई उनके लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। मुख्यमंत्री के सामने अपनी परेशानी रखते हुए उनकी आंखें नम हो गईं। सीएम ने तुरंत बरेली के डीएम को निर्देशित किया कि उन्हें पीएम स्वनिधि योजना का लाभ दिलाकर स्थानीय स्तर पर उनकी समस्या का त्वरित समाधान कराया जाए।

मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता से भावुक दीप्ति ने जाते-जाते उनका आभार जताया और दुआएं दीं।
जनता दर्शन में कई लोगों ने आवास से जुड़ी मांगें भी रखीं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हर पात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित डीएम को आवेदनों की जांच कर पात्रता के आधार पर लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कुछ फरियादियों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल इलाज का एस्टिमेट तैयार कर शासन को भेजने का निर्देश देते हुए कहा कि आप अपने परिजन की चिंता करें, इलाज की चिंता सरकार करेगी। वहीं, अभिभावकों द्वारा बच्चों की पढ़ाई छूटने की आशंका जताने पर सीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए और आवश्यक होने पर स्कूल प्रबंधन से समन्वय कर पढ़ाई जारी रखी जाए।
अवैध कब्जे और पुलिस से जुड़े मामलों में भी मुख्यमंत्री ने सख्ती दिखाई और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर पीड़ितों को संतुष्ट करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन एक बार फिर सरकार और आम जनता के बीच भरोसे का सेतु बनता नजर आया।






