लखनऊ/अमेठी, 20 मई 2026:
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे से पहले यूपी के अमेठी जनपद की सियासत अचानक गरमा गई है। जिले के कई प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों ने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया है। इन पोस्टरों में अमेठी के कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा से तीखे सवाल पूछे गए हैं। उनके दो साल के कार्यकाल को निशाने पर लिया गया है।
पोस्टरों में बड़े अक्षरों में लिखा गया है कि दो साल किशोरी, तुमने क्या किया? इसके जरिए सांसद बनने के बाद किए गए विकास कार्यों का हिसाब मांगा गया है। कई पोस्टरों में आरोप लगाया गया है कि सांसद निधि से केवल एक स्कूल बस दी गई और वह भी एक कांग्रेस नेता के निजी विद्यालय को आवंटित कर दी गई। वहीं एक एंबुलेंस को किसी ट्रस्ट द्वारा संचालित अस्पताल में लगाए जाने का भी जिक्र किया गया है।

यह पोस्टर अमेठी के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कांग्रेस कार्यालय और मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल समेत कई प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हैं। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इन पोस्टरों को किसने लगवाया है लेकिन इनकी टाइमिंग ने जिले की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।
कुछ पोस्टरों में वर्तमान कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा के दो वर्षों के कार्यकाल की तुलना पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के पांच साल के कार्यकाल से की गई है। इनमें दावा किया गया है कि स्मृति ईरानी ने अपने कार्यकाल में कन्या महाविद्यालय, चार आईटीआई, दो राजकीय इंटर कॉलेज, गौरीगंज में केंद्रीय विद्यालय और रामगंज में सैनिक स्कूल की स्थापना करवाई थी। पोस्टरों के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि वर्तमान सांसद विकास के मोर्चे पर पिछड़ गए हैं।

इधर, राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं, वहीं पोस्टरबाजी ने भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच बहस को और तेज कर दिया है। राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि राहुल गांधी के आगमन से ठीक पहले हुई यह पोस्टरबाजी आने वाले दिनों में अमेठी की राजनीति को और गर्मा सकती है।
मालूम हो कि मंगलवार को रायबरेली जाते समय राहुल गांधी ने चुरुवा मंदिर में दर्शन भी किए थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा था कि अब आर्थिक तूफान आने वाला है और मौजूदा आर्थिक ढांचा टूटने की कगार पर है।






