भीषण ठंड में बिजली की आंख-मिचौली, लखनऊ के कई इलाकों में आज घंटों रहेगा अंधेरा
मरम्मत कार्य के चलते अवध विहार योजना, अलीगंज कॉलोनी के सेक्टर-आई और सेक्टर-जे, गोमतीनगर के विकासखंड-3 से 5, विरामखंड-3 तथा ग्वारी गांव की प्रभावित रहेगी बिजली सप्लाई
लखनऊ, 20 जनवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में कड़ाके की ठंड के बीच बिजली कटौती जारी है। बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आज भी शहर के हजारों उपभोक्ताओं को घंटों बिजली संकट झेलना पड़ेगा।
बिजली विभाग द्वारा रखरखाव और तकनीकी कार्यों के नाम पर विभिन्न इलाकों में शटडाउन लिया जा रहा है। इसके चलते वृंदावन कॉलोनी स्थित सेक्टर-5 उपकेंद्र से जुड़े अवध विहार के शांति नगर, जाह्नवी एन्क्लेव, सेक्टर-10बी, पीएम आवास, एसबीआई एन्क्लेव और अवध विहार योजना क्षेत्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान लोगों को ठंड में बिना बिजली के समय गुजारना होगा।
वहीं, अलीगंज गोयल चौराहा उपकेंद्र से जुड़े सेक्टर-आई और सेक्टर-जे में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली कटौती प्रस्तावित है। गोमतीनगर के विराजखंड-1, 2 और 3 में भी सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली बंद रहेगी।
इसके अलावा गोमतीनगर के विकासखंड-3 से 5, विरामखंड-3 तथा ग्वारी गांव में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। लगातार हो रही बिजली कटौती से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि ठंड के मौसम में लंबी बिजली कटौती न सिर्फ असुविधाजनक है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकती है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से ठंड के मौसम में कटौती पर नियंत्रण और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।






