एंटरटेनमेंट डेस्क, 8 अप्रैल 2026:
साउथ सिनेमा के स्टार अल्लू अर्जुन ने अपने जन्मदिन पर फैंस को खास तोहफा दिया है। उनकी नई फिल्म का नाम ‘राका’ सामने आ गया है, साथ ही इसका दमदार पोस्टर भी रिलीज कर दिया गया है। जैसे ही यह पोस्टर सामने आया, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई।
बर्थडे के मौके पर सुबह से ही उनके घर के बाहर फैंस की भीड़ जुटी रही। लोग अपने फेवरेट स्टार की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। माहौल में काफी जोश था। इस दौरान अल्लू अर्जुन भी बाहर आए और फैंस का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
फिल्म के मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर ‘राका’ का फर्स्ट लुक जारी किया। पहले इस प्रोजेक्ट को AA22xA6 नाम से जाना जा रहा था, जिसे अब आधिकारिक तौर पर ‘राका’ नाम दे दिया गया है। पोस्ट के साथ लिखा गया कि खुद को सीमाओं से आगे देखने के लिए तैयार हो जाइए।
इस फिल्म को डायरेक्टर एटली बना रहे हैं, जो बड़े कैनवास और मसाला फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं। फिल्म में दीपिका पादुकोण फीमेल लीड में नजर आएंगी, जिससे इसकी स्टार वैल्यू और बढ़ गई है।
‘राका’ को पैन इंडिया लेवल पर रिलीज करने की तैयारी है। इसमें भारी स्तर पर वीएफएक्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। फिल्म सन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही है, जिसके प्रोड्यूसर कलानिधि मारन हैं।






