Lucknow City

राजनाथ सिंह पहुंचे लखनऊ… दुख में डूबे परिवारों से मिले, जनसंवाद व रामकथा महोत्सव में होंगे शामिल

तीन दिन के दौरे पर रहेंगे रक्षा मंत्री, पहुंचते ही कई परिवारों से मुलाकात कर संवेदना जताई, विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण किया, अगले तीन दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में नागरिकों, प्रबुद्ध वर्ग और पार्टी पदाधिकारियों से करेंगे संवाद

लखनऊ, 5 जून 2026:

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे। अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। पांच जून से सात जून तक के प्रवास के दौरान उनका कार्यक्रम सामाजिक, संगठनात्मक और जनसंपर्क गतिविधियों से भरा रहेगा।

एयरपोर्ट से निकलने के बाद राजनाथ सिंह कानपुर रोड स्थित हिंद नगर पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत व्यापारी नेता अशोक मोतियानी के आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद कृष्णा नगर में दर्शन लाल के परिजनों से मिले। कैंट क्षेत्र की बड़ी लाल कुर्ती में रूपा देवी के आवास पहुंचकर भी मुलाकात की।

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर रक्षा मंत्री ने कैंट स्थित कस्तूरबा पार्क में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इसके बाद राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के आवास पहुंचकर उनके पति प्रतीक यादव के निधन पर शोक जताया।

WhatsApp Image 2026-06-05 at 2.53.09 PM

शुक्रवार को कालिदास मार्ग स्थित उनके सरकारी आवास पर लोगों से मुलाकात का भी कार्यक्रम तय है। शाम को दिलकुशा लॉन में आयोजित बायोयुग ग्रीन कमांड कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सीतापुर रोड स्थित सेवा अस्पताल में आयोजित रामकथा महोत्सव में भी पहुंचेंगे।

शनिवार को उनका कार्यक्रम गोमतीनगर, निराला नगर और हरदोई रोड क्षेत्र में रहेगा। सुबह गोमतीनगर के वास्तु खंड में प्रशांत सिंह अटल के आवास जाएंगे। दोपहर में निराला नगर स्थित भगवती शुक्ला के परिजनों से मुलाकात करेंगे। शाम को हरदोई रोड स्थित मिलेनियम पैलेस में पश्चिम मंडल-दो के प्रबुद्ध नागरिकों और गणमान्य लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

दौरे के अंतिम दिन सात जून को राजनाथ सिंह आलमबाग के टेढ़ी पुलिया स्थित जीपी होटल एंड बैंक्वेट में कैंट मंडल-एक के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर में लखनऊ एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button