Ayodhya

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर नृपेंद्र मिश्र बोले- यह पूरे सिस्टम के लिए कलंक, फिर नहीं होगी ऐसी चूक

राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक में भाग लेने पहुंचे अध्यक्ष, कहा- अयोध्या में निर्माण कार्य अंतिम दौर में, जुलाई के अंत तक कई बड़े काम पूरे होने का दावा, चार किलोमीटर बाउंड्री वॉल सितंबर तक तैयार करने का लक्ष्य, राम कथा संग्रहालय की 20 गैलरियों पर भी तेजी से काम जारी

अनिल निषाद

अयोध्या, 11 जुलाई 2026:

राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले पर पहली बार राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को पूरे ट्रस्ट और मंदिर व्यवस्था के लिए कलंक बताया। उनका कहना है कि इस घटना ने सभी को भीतर तक आहत किया है और अब ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी जिससे भविष्य में इस तरह की कोई घटना दोबारा न हो।

शनिवार को राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक में शामिल होने अयोध्या पहुंचे नृपेंद्र मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चढ़ावे की चोरी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने भी इसे गंभीर मामला माना है। मिश्रा ने कहा कि इस घटना के बाद हम सभी अपने आपको छोटा महसूस कर रहे हैं। यह सिर्फ एक चोरी का मामला नहीं है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं के भरोसे से जुड़ा विषय है।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। जहां जरूरत होगी वहां बदलाव किए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी चूक की कोई गुंजाइश न रहे। उनका भरोसा है कि सुधार के बाद इस तरह की घटना दोबारा नहीं होगी।

राम मंदिर निर्माण की प्रोग्रेस पर जानकारी देते हुए नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि पुराने मंदिर स्मारक का काम लगभग पूरा हो चुका है। अब वहां 24 घंटे अखंड ज्योति जलाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही हुतात्मा स्मारक का निर्माण भी अंतिम चरण में है और इसे जुलाई के आखिर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि 30 जुलाई तक राम मंदिर परिसर के ज्यादातर निर्माण कार्य पूरे हो जाएंगे। इसके बाद केवल दो बड़े प्रोजेक्ट बचेंगे। इनमें पहला करीब चार किलोमीटर लंबी बाउंड्री वॉल का निर्माण है, जिसे 30 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरा ऑडिटोरियम है, जिसके दिसंबर तक तैयार होने की उम्मीद है।

राम कथा संग्रहालय को लेकर भी उन्होंने अहम जानकारी दी। मिश्रा ने बताया कि संग्रहालय में 20 आधुनिक गैलरियां बनाई जा रही हैं। इन सभी की स्टोरी लाइन तैयार हो चुकी है। अब इनमें दिखाए जाने वाले वीडियो, डिजिटल प्रेजेंटेशन और अन्य सामग्री पर अंतिम फैसला शनिवार और रविवार को होने वाली बैठक में लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संग्रहालय को इस तरह तैयार किया जा रहा है ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान राम के जीवन, रामायण और मंदिर आंदोलन से जुड़ी जानकारियां आधुनिक तकनीक के जरिए एक ही स्थान पर मिल सकें।

इस दौरान उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए सीईओ के चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है। यही समिति सभी नामों पर विचार करने के बाद अंतिम फैसला करेगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button