
अनिल निषाद
अयोध्या, 7 जुलाई 2026:
Ram Mandir Donation Case को लेकर उठे कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को अयोध्या में सद्बुद्धि यात्रा निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ता कमला नेहरू भवन से रिकाबगंज चौराहे स्थित राम-जानकी मंदिर तक पैदल पहुंचे। मंदिर में भगवान राम, हनुमान की पूजा-अर्चना की गई। साथ ही सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर मामले की सच्चाई सामने आने की प्रार्थना की गई।
जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे, श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने पूरे मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष, तय समय के भीतर जांच कराने की मांग उठाई। उनका कहना था कि अगर किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही मंदिर की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बनाई जाए।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने आरोप लगाया कि भगवान राम, हनुमान की भक्ति के नाम पर भाजपा का दोहरा रवैया सामने आया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान सबसे जरूरी है।
पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, रामदास वर्मा ने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से दिए गए दान, चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की खबरों से देश-विदेश के करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर मामले में अब तक जिम्मेदार लोगों के नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए, उनके खिलाफ एफआईआर क्यों दर्ज नहीं हुई।
पूर्व विधायक माधव प्रसाद, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष रामसागर रावत, रामअवध पासी ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े हर आरोप की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं का भरोसा बना रहे।

यात्रा में अमित जायसवाल, उग्रसेन मिश्रा, अनिल तिवारी, दिलीप कुमार, रविंद्र कुमार, राज प्रताप सिंह, मनोज जायसवाल, एजाज अहमद, विकास सिंह विक्की, दिनेश शुक्ला, आदिल कुरेशी, रुद्र प्रताप सिंह, रेनू राय, नाजिश फातिमा, दयाशंकर तिवारी, पंकज सिंह, डीएन वर्मा, बसंत मिश्रा, फ्लावर नकवी, अशोक राय, जय प्रताप गुप्ता, सुरेंद्र प्रताप सिंह, राजेश सोनी, धर्मेंद्र सिंह, कलीम खान, मेराज अहमद, नसरुद्दीन, विजय यादव, रविकांत श्रीवास्तव, ओंकारनाथ पांडे, गौरव सिंह, राजबहादुर सिंह, शैलेन्द्र विक्रम सिंह व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






