जन्मदिन विशेष : छोटे रोल से सुपरहिट पहचान तक… जानिए ऋचा चड्ढा की सक्सेस स्टोरी
साधारण शुरुआत से बॉलीवुड की बिंदास एक्ट्रेस बनने तक ऋचा चड्ढा का सफर प्रेरणादायक रहा है। दमदार किरदारों और निजी खुशियों के साथ उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई
मनोरंजन डेस्क, 18 दिसंबर 2025 :
बॉलीवुड की चकाचौंध भरी दुनिया में कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जो संघर्ष, मेहनत और जुनून की मिसाल बन जाती हैं। कभी मैगजीन के दफ्तर में इंटर्नशिप करने वाली एक लड़की तब शायद ही सोच पाई होगी कि एक दिन वह सिल्वर स्क्रीन पर अपने बिंदास अंदाज और दमदार अभिनय से लाखों दिलों पर राज करेगी।आखिर कौन है ये एक्ट्रेस, जिसकी जर्नी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं?
मैगजीन इंटर्न से फिल्मों तक का सफर
18 दिसंबर 1986 को पंजाब के अमृतसर में जन्मीं ऋचा चड्ढा ने बॉलीवुड में कदम रखने से पहले एक अलग ही दुनिया देखी थी। अभिनय की राह पर चलने से पहले वह मेंस फैशन मैगजीन में इंटर्न के तौर पर काम करती थीं। वहां से निकलकर उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में एंट्री लेने का फैसला किया और साल 2008 में फिल्म ‘ओए लकी! लकी ओए!’ से अपने करियर की शुरुआत की। हालांकि इस फिल्म में उनका किरदार छोटा था और इससे उन्हें खास पहचान नहीं मिल सकी।

‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ ने बदली किस्मत
साल 2012 में आई ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ ऋचा चड्ढा के करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। इस फिल्म में उन्होंने नगमा का दमदार किरदार निभाया, जिसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने खूब सराहा। इस रोल के लिए ऋचा को बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर क्रिटिक्स अवार्ड भी मिला, जिसने उन्हें इंडस्ट्री में मजबूत पहचान दिलाई।
दमदार फिल्मों से बनी अलग पहचान
‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के बाद ऋचा ने ‘गोलियों की रासलीला रामलीला’ और ‘मसान’ जैसी फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग से खुद को साबित किया। इसके बाद साल 2013 में रिलीज हुई ‘फुकरे’ ने उनकी इमेज ही बदल दी। फिल्म में उनका ‘भोली पंजाबन’ का किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि लोग उन्हें उसी नाम से पहचानने लगे और यह किरदार उनके करियर की पहचान बन गया।

सेट पर शुरू हुई लव स्टोरी
ऋचा चड्ढा की निजी जिंदगी भी ‘फुकरे’ के साथ ही नई दिशा में बढ़ी। इसी फिल्म के सेट पर उनकी दोस्ती अली फजल से हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों ने साल 2019 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया, जब अली फजल ने मालदीव में ऋचा को शादी के लिए प्रपोज किया।
सफलता के साथ निजी खुशियां
लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद ऋचा चड्ढा और अली फजल साल 2022 में शादी के बंधन में बंध गए। इसके बाद साल 2024 में दोनों की जिंदगी में खुशियों का नया अध्याय जुड़ा, जब उन्होंने अपनी नन्ही परी जुनैरा इदा फजल का स्वागत किया। आज ऋचा न सिर्फ एक सफल अभिनेत्री हैं, बल्कि उनकी कहानी संघर्ष से सफलता तक का बेहतरीन उदाहरण भी है।






