
संभल, 26 मार्च 2025
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में तैनात सीओ अनुज चौधरी एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। इससे पहले भी उनके कई बयान चर्चा में रहे हैं, खासकर 24 नवंबर को कोर्ट के आदेश पर मस्जिद सर्वेक्षण के दौरान हुई हिंसा के बाद दिए गए उनके बयान ने विवाद खड़ा कर दिया था। उस समय उन्होंने कहा था, “हम पुलिस में मरने के लिए भर्ती नहीं हुए हैं, हमारे भी परिवार और बच्चे हैं।” इसके अलावा, होली और जुमे से जुड़े उनके बयान ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
अब उनका एक और बयान चर्चा में है, जिसमें उन्होंने ईद की सेवइयों और होली की गुझिया को जोड़ते हुए कहा कि यदि आप ईद की सेवइयां खिलाना चाहते हैं, तो आपको गुझिया भी खानी पड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके किसी बयान में कुछ गलत था, तो उसे हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में चुनौती क्यों नहीं दी गई?
इससे पहले, रमजान के दौरान कोतवाली में हुई शांति समिति की बैठक में भी उन्होंने कहा था, “जुमा साल में 52 बार आता है, लेकिन होली साल में एक बार आती है। जिन्हें रंग से परहेज है, वे घर से न निकलें और घर पर ही नमाज अदा करें।” हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि यदि कोई जबरदस्ती रंग लगाता है, तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
सीओ अनुज चौधरी का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ शांति व्यवस्था बनाए रखना है और किसी भी तरह की अराजकता को रोकना है। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा बना रहे, इसके लिए दोनों पक्षों को एक-दूसरे के त्योहारों में समान रूप से भागीदारी निभानी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।






