ReligiousUttar Pradesh

श्रीबांके बिहारी कॉरिडोर : दोबारा होगा क्षेत्रीय सर्वे, सेवायतों का विरोध जारी

मथुरा, 4 जून 2025:

यूपी के मथुरा जिले के वृंदावन में प्रस्तावित श्रीबांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को अधिकारियों ने कॉरिडोर के लिए प्रभावित क्षेत्र का दोबारा सर्वे कराने की योजना बनाई। यह निर्णय सेवायतों और व्यापारियों की मांग पर डीएम चंद्रप्रकाश सिंह द्वारा लिया गया है। हालांकि सेवायत अब भी इस योजना का विरोध कर रहे हैं। दूसरी तरफ वृंदावन के अधिकांश निवासी इस निर्माण के पक्ष में हैं।

गौरतलब है कि कॉरिडोर के लिए जनवरी 2023 में पहला सर्वे कराया गया था, जिसमें लगभग 285 स्थान जैसे दुकानें, भवन और कुंज गलियां चिन्हित किए गए थे। बीते दो वर्षों में क्षेत्र में कई परिवर्तन हो चुके हैं, जिसके चलते दोबारा सर्वे कराए जाने की आवश्यकता महसूस की गई।

एडीएम वित्त डॉ. पंकज वर्मा, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने मंगलवार को बैठक कर रणनीति तय की। डॉ. वर्मा के मुताबिक डीएम के निर्देश पर नई सर्वे टीम का गठन कर दिया गया है, जो जल्द ही कार्य प्रारंभ करेगी।

दूसरी ओर, सेवायतों का विरोध अब भी जारी है। उन्होंने मंगलवार को संविधान की प्रतिमा की पूजा कर अपना विरोध दर्ज कराया और सरकार से अपील की कि संविधान सम्मत निर्णय लिया जाए। सेवायतों का कहना है कि सरकार को उनके अधिकारों का हनन नहीं करना चाहिए।

ये भी पढ़ें  बीजेपी विधायक केतकी सिंह के बयान पर सियासत गर्म, ओमप्रकाश राजभर ने किया खारिज

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link