कोलकाता, 8 मई 2026:
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बीच भाजपा ने आखिरकार मुख्यमंत्री चेहरे पर फैसला कर लिया। कोलकाता में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही उनके राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों की दिशा में भाजपा का सफर अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है।
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने सुवेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा। इसके बाद सभी विधायकों ने समर्थन जताया और नाम पर औपचारिक सहमति बन गई। घोषणा करते हुए अमित शाह ने कहा कि विधायक दल की बैठक में कई प्रस्ताव आए, लेकिन सभी एक ही नाम के पक्ष में थे। दूसरे किसी नाम पर सहमति सामने नहीं आई, इसलिए सुवेंदु अधिकारी को भाजपा विधानमंडल दल का नेता घोषित किया गया।
भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह सिर्फ चुनावी सफलता नहीं, बल्कि 1950 से शुरू हुई वैचारिक यात्रा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों की दिशा में भाजपा का सफर अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है।

अमित शाह ने कहा कि 1950 से श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में हम इस यात्रा पर निकले थे और आज उनकी जन्मभूमि पर भाजपा की सरकार बन रही है। जब अनुच्छेद 370 हटाया गया था, तब कार्यकर्ताओं ने कहा था कि अभी बंगाल में भाजपा का झंडा लहराना बाकी है। आज जहां भी श्यामा प्रसाद मुखर्जी होंगे, वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दे रहे होंगे।
उन्होंने बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि इतने बड़े विधायक दल को देखकर पूरे शरीर में ऊर्जा और खुशी की लहर दौड़ जाती है। शाह ने कहा कि जनता ने हिंसा और भय के माहौल के बावजूद भाजपा पर भरोसा जताया है और पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेगी। अमित शाह ने आरोप लगाया कि पिछले कई दशकों में बंगाल में लोकतंत्र प्रभावित हुआ और लोगों की स्वतंत्र अभिव्यक्ति बाधित रही। उन्होंने कहा कि भाजपा अब ऐसा बंगाल बनाएगी जहां मन भयमुक्त हो और सिर गर्व से ऊंचा हो।
उन्होंने कहा कि 100 साल की वैचारिक यात्रा के बाद आज गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा की सरकार बनी है। 2014 में बंगाल में भाजपा का खाता खुला, फिर तीन सीटें आईं, उसके बाद 77 और अब भाजपा सरकार बना रही है। यह दुनिया के सामने जनमत को संगठित करने का सबसे बड़ा उदाहरण है। अमित शाह ने यह भी कहा कि राज्य के 23 प्रशासनिक जिलों में से 9 जिलों में तृणमूल कांग्रेस खाता तक नहीं खोल पाई। उन्होंने कहा कि अब बंगाल में घुसपैठ और गो तस्करी असंभव होगी तथा सीमा सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा।
इधर, कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। भाजपा इसे सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक आयोजन के तौर पर पेश करने की तैयारी में है। समारोह में प्रधानमंत्री समेत कई बड़े नेताओं के पहुंचने की संभावना है।






