Uttarakhand

रोशनी से जगमग होंगीं राजधानी की राहें… 100 वार्डों में लगेंगे 4000 नए स्मार्ट पोल

नई स्ट्रीट लाइट योजना के तहत शहर की गलियों, मुख्य सड़कों और आवासीय इलाकों में बेहतर रोशनी की तैयारी, नगर निगम का दावा, नई व्यवस्था से रात में आवाजाही आसान होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी होगी मजबूत

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 25 मई 2026:

राजधानी देहरादून में लंबे समय से बनी अंधेरे की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम बड़े स्तर पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने जा रहा है। शहर के 100 वार्डों में करीब 4000 आधुनिक स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे। इससे कई इलाकों में खराब और अपर्याप्त रोशनी की परेशानी खत्म होने की उम्मीद है।

सोमवार को नगर निगम परिसर में मेयर सौरभ थपलियाल ने पार्षदों की मौजूदगी में स्ट्रीट लाइट का नया पोल स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर को साफ, सुरक्षित और सुविधाओं से बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। उनका कहना था कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, वहीं रात के समय महिलाओं, बुजुर्गों और आम लोगों की सुरक्षा भी मजबूत होगी।

मेयर ने कहा कि नई लाइट व्यवस्था लागू होने के बाद लोगों को रात में आने-जाने में आसानी होगी। साथ ही सड़क हादसों और असामाजिक गतिविधियों पर भी काफी हद तक रोक लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट पोल लगाने का काम तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और गुणवत्ता का खास ध्यान रखा जाए।

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने इस योजना को शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने वाला अहम कदम बताया। मौके पर पार्षद, नगर निगम अधिकारी समेत कई लोग मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button