Uttar Pradesh

ये ‘डील’ वो ‘डाल’ है… अखिलेश का BJP पर वार, कहा- खेती व रोजगार को खतरे में डाल रहीं सरकार की नीतियां

सपा मुखिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए सरकार की नीतियों पर प्रहार किया, कहा कि भाजपा को अब आत्मनिर्भरता छोड़कर ‘परनिर्भरता’ का नारा अपना लेना चाहिए

लखनऊ, 12 फरवरी 2026:

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कथित ‘डील’ को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की यह डील खेती, मजदूरी, कारोबार और रोजगार के खिलाफ है। देश को आत्मनिर्भरता से दूर कर परनिर्भरता की ओर धकेल रही है। गुरुवार को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सपा सांसदों के प्रदर्शन का वीडियो साझा करते हुए सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया।

अपने पोस्ट में अखिलेश ने व्यंग्यात्मक लहजे में लिखा कि यह ‘डील’ असल में वह ‘डाल’ है, जिसे उस पर बैठने वाला खुद ही काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता देश की खेती-मजदूरी ही नहीं, बल्कि हर तरह के उत्पादन, काम-कारोबार और रोजगार को नुकसान पहुंचाने वाला है। अखिलेश ने इसे एक अदृश्य जंजीर करार देते हुए आरोप लगाया कि पैसे के लालच में डूबे बिचौलियों की मानसिकता वाले भाजपाई इसे समझ नहीं पा रहे हैं।

सपा प्रमुख ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि जिन्होंने पहले भारतीयों को जंजीरों में बांधकर बाहर भेजा था, वही अब ‘डील’ का जाल फेंककर भाजपा सरकार को मजबूर कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि स्वदेशी का नारा लगाने वाले भाजपा के पुराने सहयोगी अब कहां गायब हो गए हैं। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को अब आत्मनिर्भरता छोड़कर ‘परनिर्भरता’ का नारा अपना लेना चाहिए।

इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष सरकार की नीतियों को लेकर हमलावर है, वहीं भाजपा की ओर से अभी तक इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button