Uttar Pradesh

अंततः पकड़ में आ ही गया जंगल का ये बदमाश !

बहराइच, 18 अक्टूबर 2024

बहराइच जिले के सुजौली क्षेत्र में उत्पाती दूसरा तेंदुआ गुरुवार रात पिंजरे में कैद हो गया। वन विभाग ने तेंदुआ को सुरक्षित रेंज कार्यालय पहुंचाया है, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। यह तेंदुआ अबतक आधा दर्जन ग्रामीणों व कई मवेशियों का शिकार कर चुका है। रिहाइसी इलाके में कई दिनों से तेंदुआ के आतंक के चलते ग्रामीण दहशत में दिन गुजार रहे थे। तेंदुए के पिंजरे में कैद होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।

आपको बताते चलें कि जिले के कतर्नियाघाट सेंक्चुरी क्षेत्र अंतर्गत सुजौली रेंज के आबादी से सटे इलाके में कई दिनों से तेंदुआ उत्पात मचा रहा था, जिससे ग्रामीण परेशान थे। ग्रामीणों की डिमांड पर वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया था, तेंदुआ के शिकार के लिए पिंजरे में लगातार बकरी बांधी जा रही थी। लगातार निगरानी के चलते वन विभाग ने इस महीने दूसरे तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया है। वन विभाग की इस कार्यवाही से लोगों ने राहत की सांस ली है।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजौली के अयोध्या पुरवा गांव में तेंदुए के हमले में अब तक कई लोग घायल हुए हैं, जबकि उत्पाती तेंदुआ कई मवेशियों का भी शिकार कर चुका है। क्षेत्र में तेंदुए के लगातार हो रहे हमलो को देखते हुए प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के निर्देश पर वन महकमा एक्टिव मोड पर आया। ग्रामीणों की डिमांड और डीएफओ के निर्देश के बाद क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया इस पिंजरे में पिछले 20 दिनों में दूसरे तेंदुए को कैद कर लिया गया है।

गौरतलब हो कि तेंदुए को पकड़ने के लिए दो दिन पहले अयोध्या पुरवा गांव में पिंजरा लगा था जिसमें बकरी बांधी गई थी, बीती रात करीब 1 बजे के आसपास बकरी के शिकार के लिए पहुंचा तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। वन विभाग की टीम ने रात को ही रेंजर रोहित कुमार के नेतृत्व में पिंजरे को ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर रेंज कार्यालय सुजौली पहुंचाया, जहां अब उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्यवाही की बात कही गयी है। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद अयोध्या पुरवा गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button