Raebareli City

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का अखिलेश पर पलटवार, बोले- जांच पूरी होने से पहले आरोप लगाना छोड़ें

राज्यमंत्री जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में शामिल होने रायबरेली पहुंचे, जिला पंचायत के पांच वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं, चंपत राय का किया बचाव, सपा अध्यक्ष के कथित फोन कॉल रिकॉर्ड वाले बयान पर साधा निशाना

विजय पटेल

रायबरेली, 10 जुलाई 2026ः

यूपी के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में शामिल होने रायबरेली पहुंचे। बैठक के बाद मीडिया से रूबरू हुए मंत्री ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कथित फोन कॉल रिकॉर्ड वाले बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने चंपत राय का बचाव करते हुए कहा कि किसी भी मामले में जांच पूरी होने से पहले आरोप लगाना उचित नहीं है।

राज्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई संदिग्ध मामला है तो उसकी जांच एसआईटी करेगी और दोषी पाए जाने पर सरकार बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जनता की आस्था से जुड़े किसी भी विषय में लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी।

उन्होंने जिला पंचायत के पांच वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी के नेतृत्व में जिले में व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं। पूरे जनपद में लगभग 900 विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें करीब 150 कार्यों का लोकार्पण पहले ही किया जा चुका है। शेष कार्यों का शुभारंभ चरणबद्ध तरीके से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और तहसीलों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत जनता के विश्वास पर खरी उतरते हुए विकास की गति पर लगातार आगे बढ़ रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button