Lucknow City

Up News: ‘तीन’ नहीं, ‘403’ पर अखिलेश की नजर, राज्यसभा में तीसरे प्रत्याशी की अटकलों पर लगा विराम! 2027 की सियासी जमीन पर फोकस

सपा के दो उम्मीदवारों की जीत के लिए पर्याप्त वोट, तीसरे के लिए चाहिए दूसरे दलों का साथ, क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं के बीच अखिलेश के पोस्ट ने बदली चुनावी तस्वीर

लखनऊ, 6 अक्टूबर 2026:

यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों के चुनाव को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक पोस्ट के जरिए अपनी रणनीति का संकेत दे दिया है। सपा की ओर से तीसरा प्रत्याशी उतारे जाने की अटकलों के बीच अखिलेश यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा… ‘अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है।’ अखिलेश के इस संदेश को राज्यसभा की तीसरी सीट की बजाय 2027 के विधानसभा चुनाव पर फोकस करने के स्पष्ट संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

दरअसल, सपा ने राज्यसभा के लिए वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव तथा उद्योगपति धनराज परिमल नथवानी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने सभी आठ सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। भाजपा के सभी प्रत्याशी आज नामांकन दाखिल करेंगे।

राज्यसभा चुनाव में एक सीट जीतने के लिए प्रथम वरीयता के 37 वोट जरूरी हैं। यूपी विधानसभा में मौजूदा प्रभावी संख्या 396 बताई जा रही है। सपा के पास मौजूदा विधायकों की संख्या को देखते हुए उसके दोनों प्रत्याशियों के लिए जरूरी 74 वोट आसानी से उपलब्ध हैं। लेकिन तीसरा उम्मीदवार उतारने की स्थिति में सपा को अपने अतिरिक्त वोटों के साथ दूसरे दलों के विधायकों का समर्थन जुटाना पड़ता। यहीं से क्रॉस वोटिंग की सियासी चर्चा तेज हुई थी।

ये भी पढ़ें:

अखिलेश यादव पहले भी सपा के तीसरे उम्मीदवार को लेकर पूछे जाने पर कह चुके थे कि जब फैसला होगा, तब बता दिया जाएगा। ऐसे में उनका ‘तीन नहीं, 403’ वाला पोस्ट खासा अहम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे इस संकेत के तौर भी पर देखा जा रहा है कि सपा राज्यसभा चुनाव को मुकाबले का अखाड़ा बनाने के बजाय 2027 के विधानसभा चुनाव की बड़ी लड़ाई पर अपना ध्यान केंद्रित रखना चाहती है।

Advertisement

तीसरे उम्मीदवार के मैदान में आने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों में क्रॉस वोटिंग की संभावनाएं जताई जा रही थीं। विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले होने वाले इस राज्यसभा चुनाव में विधायकों के पाला बदलकर मतदान करने की स्थिति दोनों दलों के लिए असहज राजनीतिक संदेश पैदा कर सकती थी। अखिलेश के ताजा पोस्ट से फिलहाल इन अटकलों पर विराम लगता दिख रहा है।

भाजपा के ये आठ प्रत्याशी मैदान में

भाजपा ने योगी सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को प्रत्याशी बनाया है। सभी आठ प्रत्याशी आज नामांकन दाखिल करेंगे।

इस तरह भाजपा के आठ और सपा के दो उम्मीदवारों के मैदान में होने से फिलहाल 10 सीटों के लिए मुकाबला सीधा दिखाई दे रहा है। अखिलेश यादव का ‘403’ वाला संदेश इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि सपा की असली नजर अब राज्यसभा की तीसरी सीट पर नहीं बल्कि यूपी की सत्ता के लिए होने वाली 403 सीटों की बड़ी सियासी लड़ाई पर है।

ये भी पढ़ें  Yogi ने मोदी को कहा हैप्पी बर्थडे, बोले- पीएम नए भारत के शिल्पी, गवर्नर, मायावती व अखिलेश ने भी दी बधाई

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link