लखनऊ, 14 मार्च 2026:
यूपी एसटीएफ ने एसआई (सब इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा के नाम पर ठगी करने वाले एक युवक को आगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर फर्जी चैनल बनाकर परीक्षार्थियों को पेपर लीक का झांसा देता था और ऑनलाइन पैसे वसूलता था। पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से पूरे मामले की एफआईआर हुसैनगंज थाने में दर्ज कराई है।
एसटीएफ के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक और समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान टेलीग्राम पर कुछ संदिग्ध चैनलों के जरिए परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का मैसेज वायरल होने की जानकारी मिली।
जांच में पता चला कि टेलीग्राम पर UP SI UP POLICE 2026 और RESULT PANEL PVT TM UP SI EXAM PAPER UP SI 2026 नाम से चैनल चलाकर अभ्यर्थियों को जोड़ा जा रहा था। इन चैनलों के जरिए प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा कर पैसे मांगे जा रहे थे।
इसके बाद एसटीएफ टीम ने आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र स्थित इंजीनियर्स कॉलोनी से आयुष बघेल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पूछताछ में पता चला कि वह अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर टेलीग्राम पर कई चैनल बनाता था। इन चैनलों पर प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक से जुड़े मैसेज वायरल किए जाते थे। कई बार किसी पुराने या अधूरे प्रश्नपत्र के पहले पेज को पीडीएफ एडिटर से एडिट कर ऐसा दिखाया जाता था जैसे असली पेपर हो। इससे अभ्यर्थियों को भरोसा हो जाता था और वे ऑनलाइन पैसे भेज देते थे।
आरोपी ने बताया कि यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड के जरिए पैसे लिए जाते थे। कई बार दूसरे लोगों के बैंक खाते इस्तेमाल किए जाते थे और कमीशन देकर उनसे खाते लिए जाते थे। इसके बाद अपना हिस्सा अलग तरीके से लिया जाता था। इस मामले में पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से थाना हुसैनगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।






