‘वीरू-बसंती’ जैसा ड्रामा : टावर पर चढ़ा पति… हैंड माइक लेकर पत्नी ने ये कहकर मनाया
कोर्ट मैरिज के बाद मायके चली गई थी पत्नी, मनाने पहुंचे पति की बात नहीं बनी तो वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया, पुलिस के साथ सास और पत्नी ने काफी देर तक समझाया, तब जाकर युवक नीचे उतरा
गोरखपुर, 26 मई 2026:
गोरखपुर के भटहट कस्बे में मंगलवार को उस वक्त तमाशबीनों की भीड़ लग गई, जब पत्नी से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। काफी देर तक चले ड्रामे के बाद पुलिस, पत्नी और सास के समझाने पर युवक नीचे उतरा। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सहजनवा के गहांसाड़ निवासी रियाजुद्दीन का कुछ समय पहले सहजनवा में किराये पर रहने वाली शहनाज से प्रेम संबंध हुआ था। परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से शहनाज अपनी मां साजरुन निशा के साथ भटहट स्थित ननिहाल में रह रही थी।
मंगलवार को रियाजुद्दीन अपनी मां के साथ पत्नी को मनाने पहुंचा था। काफी देर तक बातचीत हुई, लेकिन शहनाज उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुई। इससे नाराज होकर रियाजुद्दीन कस्बे में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ता देख आसपास के लोग जमा हो गए।
पुलिस ने युवक को नीचे उतारने की कोशिश की, मगर वह मानने को तैयार नहीं था। बाद में पत्नी और सास को बुलाया गया। शहनाज ने हैंड माइक से पति को भरोसा दिलाया कि गिले-शिकवे भुलाकर नीचे आ जाओ मैं साथ चलूंगी। पत्नी की बात सुनने के बाद रियाजुद्दीन टावर से नीचे उतर आया। नीचे उतरते ही पुलिस दोनों पक्षों को गुलरिहा थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है।






