Gorakhpur News : आउटर पर धीमी हुई ट्रेन के AC कोच में घुसा बदमाश, महिला प्रोफेसर को गेट तक घसीटा, जेवरों वाला पर्स ले उड़ा
महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय में तैनात हैं असिस्टेंट प्रोफेसर, वारदात के दौरान नीचे गिरने से बचीं, पर्स में सोने की चेन, कान के टप्स, मोबाइल, पांच एटीएम कार्ड और सात हजार रुपये थे, कुछ दिन पहले आईटीबीपी का जवान हुआ था शिकार

गोरखपुर, 8 अक्टूबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में ट्रेन के आउटर पर बदमाशों की सक्रियता ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रेन के धीमे होते ही एक बदमाश एसी कोच में चढ़ा और महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय की महिला असिस्टेंट प्रोफेसर का कंधे पर टंगा पर्स झपटकर भाग गया। पर्स छीनने के दौरान महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के गेट के बाहर तक घिसटतीं आ गईं। गनीमत रही कि वह नीचे गिरने से बच गईं।
लखनऊ से गोरखपुर आ रही थीं प्रोफेसर
बुलंदशहर निवासी डा. प्रीती भाल्या महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। वह ट्रेन संख्या 22412 अरुणाचल एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से लखनऊ चारबाग से गोरखपुर के लिए रवाना हुई थीं। वह बी-1 कोच की सीट संख्या 18 पर यात्रा कर रही थीं। सुबह करीब पांच बजे ट्रेन गोरखपुर रेलवे स्टेशन के आउटर पर धीमी हुई। इसी दौरान एक युवक ट्रेन में चढ़ा और डा. प्रीती के कंधे पर लटका काले रंग का पर्स झपट लिया। उन्होंने विरोध किया तो ताकत लगाकर उन्हें घसीटता गेट तक ले आया यहां संतुलन बिगड़ने से खुद के नीचे गिरने से उनकी पकड़ ढीली पड़ी तो बदमाश पर्स लेकर भाग गया।
पर्स में शादी में मिला सोने का जेवर
पर्स में मोबाइल फोन, पांच एटीएम व आधार कार्ड, सोने की एक चेन, एक जोड़ी कान के टप्स और सात हजार रुपये रखे थे। डा. प्रीती ने बताया कि सोने की चेन और कान के टप्स उन्हें उनके पति ने शादी के समय करीब 12 साल पहले उपहार में दिए थे। घटना के बाद से वह सदमे में हैं। घटना को याद करने पर उनकी हालत बिगड़ जा रही है। विश्वविद्यालय के कुलपति समेत चिकित्सकों ने उन्हें ढांढस बंधाया।
एसी कोच में वारदात से सुरक्षा पर सवाल
ट्रेन के एसी कोच में इस तरह पर्स छीनकर बदमाश के फरार होने की घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। आयुष विश्वविद्यालय के चिकित्सकों और प्रोफेसरों ने भी घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। गोरखपुर जीआरपी ने बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।
आईटीबीपी जवान का बैग भी स्टेशन से ले उड़े चोर
इन घटना से दो दिन पूर्व गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर आईटीबीपी के हेड कांस्टेबल कुशीनगर के बुद्धिराम गौतम का भी बैग उचक्के ले उड़े। वो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से बिहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सवार हुए थे। रात करीब 12:30 बजे ट्रेन गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन से उतरने के बाद वह स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सो गए। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका बैग चोरी कर लिया। महिला प्रोफेसर से पर्स छीनने और रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से आईटीबीपी जवान का बैग चोरी होने की घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।






