कमलेश कुमार
मिर्जापुर, 12 मई 2026:
गविष्टि यात्रा के तहत मंगलवार को विंध्याचल धाम पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने लोगों से आगामी चुनावों में गौ रक्षा के मुद्दे पर मतदान करने की अपील की। अटल चौराहा पर हर-हर महादेव के जयघोष के बीच उनका स्वागत हुआ।
विंध्याचल में आयोजित सभा में शंकराचार्य ने कहा कि अब तक लोग बिजली, पानी और सड़क जैसे मुद्दों पर वोट देते रहे हैं, लेकिन इस बार गौ रक्षा को सबसे अहम मुद्दा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को यह तय करना होगा कि वह गाय की रक्षा करने वालों के साथ खड़ा होगा या गाय को नुकसान पहुंचाने वालों के साथ।
उन्होंने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से 45 प्रतिशत से अधिक गौ मांस का निर्यात होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि गौ रक्षा की बात करने वाली सरकारों ने ऐसे निर्यात के लिए लाइसेंस क्यों जारी किए। हिंदू किसी भी हालत में ऐसे व्यक्ति का समर्थन नहीं कर सकता जो गाय को नुकसान पहुंचाता हो, चाहे वह उसका करीबी ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि गाय का दूध और गाय का खून एक साथ नहीं चल सकते।
उन्होंने कुछ राजनीतिक दलों और नेताओं पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि हिंदुत्व की बात करने वाले कई नेता चुनावी फायदे के लिए गौ मांस खाने वाले वर्गों को भी साधने में लगे हैं। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना इस पर निशाना साधा।
शंकराचार्य ने बताया कि 81 दिवसीय गविष्टि यात्रा उत्तर प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन 20 जुलाई को लखनऊ में होगा। इसके बाद 24 जुलाई को गौ रक्षा के संकल्प के साथ एक प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।






