Unnao City

पनीर फैक्ट्री के खुले टैंक में पड़ा रहा मजदूर… परिसर में फैली दुर्गंध, दो दिन बाद मिला शव

हादसे से अंजान रहे साथी, परिजन भी करते रहे इंतजार, फैक्ट्री मालिक पर लगाया सुरक्षा उपाय में लापरवाही बरतने के आरोप

उन्नाव, 9 मई 2026:

उन्नाव के सफीपुर क्षेत्र में एक पनीर फैक्ट्री में काम करने वाले 22 वर्षीय मजदूर का शव गंदे पानी के खुले टैंक में मिला। कन्हैया नाम का युवक दो दिन से लापता था। शनिवार को फैक्ट्री से तेज बदबू आने पर दूसरे मजदूरों ने टैंक में देखा तो उसका शव पानी में उतराता मिला।

घटना परियर गांव स्थित लालू निषाद की पनीर फैक्ट्री की है। यहां पनीर उत्पादन के बाद निकलने वाला गंदा पानी जमा करने के लिए बड़ा टैंक बनाया गया है। परिजनों का आरोप है कि टैंक पर ढक्कन नहीं लगाया गया था, जिससे यह लगातार खुला रहता था।

परियर निवासी नंदन का बेटा कन्हैया इसी फैक्ट्री में मजदूरी करता था। वह पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटा था। परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार दोपहर फैक्ट्री परिसर में बदबू फैलने लगी। इस पर वहां काम कर रहे मजदूरों ने टैंक में झांककर देखा तो कन्हैया का शव दिखाई दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया।

परिजनों का कहना है कि अगर टैंक पर ढक्कन लगा होता तो कन्हैया की जान बच सकती थी। उनका आरोप है कि फैक्ट्री संचालक ने सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम नहीं किए। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button