Lucknow CityUttar Pradesh

योगी की अफसरों को हिदायत, कहा…कोई न छूटे, होली से पहले सभी कर्मचारियों को मिल जाए वेतन

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई संविदा व आउटसोर्स कर्मियों को भी समय पर भुगतान, संपत्ति विवरण न देने वालों को अंतिम मौका

लखनऊ, 27 फरवरी 2026:

होली से पहले प्रदेश के कर्मचारियों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कर्मचारियों का वेतन समय से जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि भुगतान में किसी तरह की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

होली को देखते हुए कार्यदिवस में बदलाव

मुख्यमंत्री ने खास तौर पर आउटसोर्सिंग, संविदा और सफाईकर्मियों समेत सभी श्रेणी के कर्मचारियों का वेतन त्योहार से पहले खातों में पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, ताकि कर्मचारियों को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन की ओर से 28 फरवरी को कार्यदिवस घोषित किया गया है, जबकि 2, 3 और 4 मार्च को होली का अवकाश रहेगा। इसी वजह से विभागों को समय से वेतन जारी करने के लिए कहा गया है।

संपत्ति विवरण न देने वालों को आखिरी मौका

राज्य कर्मचारियों को अपनी चल और अचल संपत्तियों का विवरण जमा करने के मामले में भी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। जिन कर्मचारियों ने अब तक विवरण नहीं दिया है, उन्हें 10 मार्च तक का अंतिम अवसर दिया गया है। इस अवधि में जानकारी देने पर जनवरी का रुका हुआ वेतन जारी किया जाएगा।

मुख्य सचिव एसपी गोयल द्वारा जारी आदेश के अनुसार कर्मचारियों को 31 जनवरी 2026 तक संपत्ति विवरण देना अनिवार्य किया गया था, लेकिन तय समय तक 47,816 कर्मचारियों ने जानकारी उपलब्ध नहीं कराई।

नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई तय

सरकार ने साफ कर दिया है कि तय समय के बाद भी विवरण न देने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। ऐसे कर्मचारियों की पदोन्नति पर विचार नहीं किया जाएगा, एसीपी का लाभ रोका जा सकता है और विदेश यात्रा या प्रतिनियुक्ति के लिए विजिलेंस क्लीयरेंस भी नहीं मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button