Entertainment

‘गदर’ को हो गए 25 साल… आज भी कायम है तारा सिंह का जलवा, अब तीसरा धमाल!

निर्देशक अनिल शर्मा ने दिया बड़ा संकेत, कहानी और स्क्रिप्ट पर जारी है काम, जल्द शुरू हो सकती 'गदर 3' की शूटिंग

एंटरटेनमेंट डेस्क, 15 जून 2026:

भारतीय सिनेमा के इतिहास में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो लोगों की यादों में बस जाती हैं। ऐसी ही एक फिल्म है गदर, जिसने 2001 में रिलीज होकर बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन कलेक्शन के साथ अपने फैंस के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी। फिल्म के गाने, दृश्य एवं संवाद आज भी लोगों के जेहन में है। आज इस फिल्म को 25 साल पूरे हो गए हैं। इसी मौके पर प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है।

एक इंटरव्यू के दौरान बातचीत में फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने संकेत दिए हैं कि गदर 3 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। फिलहाल की कहानी और पटकथा पर काम चल रहा है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो जल्द फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है।

उन्होंने कहा कि हमें गदर 3 के लिए ऐसी कहानी चाहिए थी जो पिछली दोनों फिल्मों से अधिक दमदार हो। अगर गदर एक बम थी तो गदर 2 एटम बम साबित हुई इसलिए तीसरी फिल्म को उससे भी अधिक प्रभावशाली होना चाहिए। इसी सोच के साथ टीम फिलहाल गदर 3 की कहानी को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।

25 Years of Gadar The Legacy of Tara Singh (1)

गदर ने सनी देओल को तारा सिंह के रूप में ऐसी पहचान दी, जो आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है। पाकिस्तान में जाकर दुश्मनों से भिड़ने वाला उनका अंदाज और हैंडपंप उखाड़ने वाला दृश्य आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित दृश्यों में गिना जाता है। आमिर खान की लगान जैसी बड़ी फिल्म के साथ रिलीज होने के बावजूद गदर ने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी।

इसके दो दशक बाद आई गदर 2 ने भी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सनी देओल के करियर को नई ऊंचाई दी और यह साबित कर दिया कि तारा सिंह का जादू अभी खत्म नहीं हुआ है।

निर्देशक ने यह भी दावा किया कि गदर सिर्फ कमाई के लिहाज से ही नहीं, बल्कि दर्शकों की संख्या के मामले में भी भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल है। उनके मुताबिक करोड़ों दर्शकों ने सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखी और यह उपलब्धि आज भी एक बड़े रिकॉर्ड के रूप में दर्ज है।

अनिल शर्मा के ताजा बयान के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि सनी देओल एक बार फिर तारा सिंह के किरदार में वापसी कर सकते हैं। वहीं, अमीषा पटेल की भी सकीना के रूप में पर्दे पर लौटने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब दर्शकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर गदर 3 की कहानी कैसी होगी और क्या यह अपने पहले की फिल्मों की तरह कमाल कर पाएगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button