एंटरटेनमेंट डेस्क, 14 जून 2026:
जिस उम्र में ज्यादातर लोग अपने कामकाज की रफ्तार धीमी कर देते हैं और आरामदायक जीवन को प्राथमिकता देने लगते हैं, उस उम्र में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन लगातार अपनी कार्यक्षमता और समर्पण से लोगों को हैरान कर रहे हैं। 83 की उम्र में भी उनकी ऊर्जा, अनुशासन और काम के लिए जुनून, युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
हाल ही में अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में ऐसी जानकारी साझा की, जिसने उनके प्रशंसकों के साथ-साथ फिल्म जगत के लोगों को भी चौंका दिया। उन्होंने बताया कि एक ही दिन में उन्होंने 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग पूरी की। इतना ही नहीं, इसी दौरान उन्होंने दो अलग-अलग स्टिल शूट भी किए। इतने बिजी शेड्यूल के बाद भी उन्होंने देर रात अपने टंबलर अकाउंट पर ब्लॉग के जरिए प्रशंसकों से संवाद किया और दिनभर के अनुभव साझा किए।

ब्लॉग में साझा की गई तस्वीरों में अमिताभ बच्चन शूटिंग की तैयारियों में व्यस्त नजर आए। उन्होंने लिखा कि किसी भी प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने से पहले वह उसकी स्क्रिप्ट को ध्यानपूर्वक पढ़ते हैं और हर दृश्य की बारीकियों को समझने का प्रयास करते हैं। उनके मुताबिक, कैमरे के सामने आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करने के लिए तैयारी सबसे जरूरी होती है। यही आदत उन्हें दशकों से लगातार सक्रिय और सफल बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में अलग-अलग प्रोजेक्ट्स की शूटिंग पूरी करना किसी भी कलाकार के लिए आसान नहीं होता। हर प्रोजेक्ट की अलग मांग होती है और कलाकार को बार-बार अपने भाव, संवाद शैली और प्रस्तुति में बदलाव करना पड़ता है। ऐसे में अमिताभ बच्चन ने एक बार फिर ये साबित कर दिया है कि अगर अपने काम को लेकर अनुशासन पक्का है तो कोई भी कठिन लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

पिछले कुछ समय से उनकी सेहत को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आती रही हैं। हालांकि उनका लगातार व्यस्त शूटिंग शेड्यूल एवं डेली रूटीन इन अटकलों को काफी हद तक खारिज करता नजर आता है। उम्र के इस पड़ाव पर भी वह फिल्मों, विज्ञापनों की शूटिंग में लगातार व्यस्त हैं।
पांच दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने कई पीढ़ियों के दर्शकों का मनोरंजन किया है। आज भी उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। सोशल मीडिया से लेकर ब्लॉग तक, वह अपने प्रशंसकों से लगातार जुड़े रहते हैं और अपने जीवन के अनुभव साझा करते हैं। अमिताभ इन दिनों कल्कि 2898 AD के अगले भाग की तैयारियों में भी जुटे हुए हैं, जिससे उनके प्रशंसकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।




