Business

शेयर बाजार गुलजार… सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा चढ़ा, निफ्टी भी 23,300 पार

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 74 हजार के पार पहुंचा, निफ्टी 23,300 के ऊपर बना रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज समेत आईटी, बैंकिंग और एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी दिखी। कच्चे तेल में हल्की तेजी के बीच रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर खुला

बिजनेस डेस्क, 10 जून 2026:

घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को मजबूत शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा उछलकर 74 हजार के स्तर के ऊपर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 23,300 अंक के पार कारोबार करता दिखा।

सुबह करीब 9:45 बजे सेंसेक्स 430.61 अंक की बढ़त के साथ 74,349.37 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 114.45 अंक चढ़कर 23,356.55 अंक पर पहुंच गया। दूसरी तरफ रुपये में कमजोरी देखने को मिली। डॉलर के मुकाबले रुपया 95.54 पर खुला, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 95.35 पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 बढ़त के साथ खुले। सबसे ज्यादा तेजी रिलायंस इंडस्ट्रीज में रही, जिसके शेयर करीब 1.5 फीसदी मजबूत हुए। हिंदुस्तान यूनिलीवर, बीईएल, इन्फोसिस, ट्रेंट, एसबीआई, लार्सन एंड टुब्रो, एचडीएफसी बैंक और टीसीएस के शेयरों में भी खरीदारी नजर आई।

वहीं बजाज फिनसर्व, पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, इटरनल, एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, सन फार्मा और मारुति के शेयर दबाव में रहे। वृहद बाजार की बात करें तो निफ्टी मिडकैप में मामूली बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप करीब 0.25 फीसदी ऊपर कारोबार करता दिखा।

सेक्टर आधारित सूचकांकों में एफएमसीजी सबसे मजबूत रहा। आईटी, प्राइवेट बैंक और ऑयल एंड गैस शेयरों में भी तेजी बनी रही। दूसरी तरफ मेटल और ऑटो शेयरों में कमजोरी देखने को मिली। वैश्विक बाजारों की नजर पश्चिम एशिया के हालात पर बनी हुई है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में हल्की तेजी दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड करीब 0.65 फीसदी चढ़कर 92.04 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि इंडियन बास्केट की कीमत 97.19 डॉलर प्रति बैरल दर्ज की गई।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button