स्पोर्ट्स डेस्क, 10 जून 2026:
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के कारण तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। इससे पहले दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली भी चोट की वजह से इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में धर्मशाला में 13 जून से शुरू होने वाली सीरीज से पहले टीम इंडिया की चिंताएं बढ़ गई हैं।
जानकारी के मुताबिक 32 वर्षीय हार्दिक पांड्या को जांघ की मांसपेशियों (क्वाड्रिसेप्स) में खिंचाव आ गया है। वह कुछ दिनों से बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे थे। हार्दिक को शुरुआती फिटनेस परीक्षणों के बाद खेलने की मंजूरी भी मिल गई थी लेकिन बाद में सामने आई नई चोट ने उनकी वापसी पर फिर से ब्रेक लगा दिया।
बीसीसीआई के सूत्रों के अनुसार हार्दिक ने सभी जरूरी फिटनेस टेस्ट सफलतापूर्वक पास कर लिए थे लेकिन ट्रेनिंग के दौरान उन्हें क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव महसूस हुआ। मेडिकल टीम ने उन्हें लगभग दो सप्ताह तक आराम करने और रिकवरी प्रक्रिया जारी रखने की सलाह दी है। वह फिलहाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ही रहेंगे।

मालूम हो कि हार्दिक आईपीएल 2026 के दौरान पीठ में ऐंठन की समस्या से भी जूझते रहे थे। इसके कारण वह कई मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे। इसी चोट से उबरने के बाद वह राष्ट्रीय टीम में वापसी की तैयारी कर रहे थे। अब नई चोट ने अफगानिस्तान सीरीज के बाद जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में उनकी उपलब्धता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
हार्दिक भारतीय सीमित ओवरों की टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उनकी तेज गेंदबाजी और निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी टीम को बेहतरीन संतुलन प्रदान करती है। ऐसे में उनका बाहर होना टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ी चिंता का विषय है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि चयन समिति उनके स्थान पर किसी खिलाड़ी को टीम में शामिल करती है या नहीं।
हालांकि, भारतीय टीम को एक राहतभरी खबर भी मिली है। कप्तान रोहित शर्मा को अफगानिस्तान सीरीज में खेलने की मंजूरी मिल गई है। रोहित भी पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की जांच के लिए सीओई में थे। फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं।
वहीं, विराट कोहली पहले ही पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है। अब रोहित शर्मा की अगुआई में टीम इंडिया धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ जीत के साथ अभियान की शुरुआत करने की कोशिश करेगी।






