राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 10 जून 2026ः
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर बुधवार को उत्तराखंड के चारों धाम सहित विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। साथ ही हवन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री की दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थनाएं की गईं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के झाझरा स्थित बालाजी धाम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र नेतृत्व की निरंतर सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। गंगोत्री धाम में विधायक सुरेश सिंह चौहान ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राष्ट्र के निरंतर विकास के लिए मंगलकामनाएं कीं। इसके बाद गंगा आरती हुई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री का 12 वर्षों का कार्यकाल केवल राजनीतिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की लोकतांत्रिक परंपराओं, जनविश्वास और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में भी विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
विधायक ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति, आधारभूत ढांचे के विकास, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और युवाओं के लिए अवसर पैदा करने के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल की हैं। केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री धाम, देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर, हरिद्वार और ऋषिकेश सहित प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भाजपा विधायकों, सांसदों और पार्टी पदाधिकारियों ने विशेष पूजा-अर्चना की।






