लखनऊ, 10 जून 2026:
आईपीएल फाइनल के रोमांच के बीच चोरी हुआ एक मोबाइल फोन यूपी पुलिस की तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई का ऐसा उदाहरण बन गया जिसकी चर्चा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। ऑस्ट्रेलिया के लोकप्रिय क्रिकेट कंटेंट क्रिएटर एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जेक जैकिंग्स का आईफोन चोरी होने के बाद जिस तरह अलीगढ़ में पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला उसने एक विदेशी नागरिक का भरोसा जीतने के साथ यूपी पुलिस की छवि को भी वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई।
घटना 31 मई की है। अहमदाबाद में खेले गए आईपीएल फाइनल मैच के दौरान जेक जैकिंग्स का आईफोन चोरी हो गया। हजारों दर्शकों की भीड़ के बीच फोन गायब होने के बाद उम्मीदें लगभग खत्म होती नजर आ रही थीं। कहानी में मोड़ तब आया जब 2 जून को मोबाइल की लोकेशन अलीगढ़ में ट्रेस हुई। इसके बाद जेक ने सोशल मीडिया के जरिए अलीगढ़ पुलिस से मदद मांगी।
विदेशी इन्फ्लुएंसर की अपील मिलते ही अलीगढ़ पुलिस हरकत में आ गई। सर्विलांस सेल ने तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल ट्रैकिंग और आधुनिक जांच तंत्र का सहारा लेते हुए ऑपरेशन शुरू किया। लगातार निगरानी और सटीक तकनीकी विश्लेषण के जरिए पुलिस टीम ने कुछ ही दिनों में मोबाइल बरामद कर लिया।
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस कार्यालय में जेक जैकिंग्स को उनका आईफोन सौंपा गया। अपना फोन वापस पाकर जेक बेहद उत्साहित दिखे। उन्होंने पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अलीगढ़ पुलिस ने जिस तेजी और पेशेवर तरीके से काम किया वह किसी भी विकसित देश की पुलिस एजेंसी से कम नहीं है।
जेक की यह प्रतिक्रिया इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उनके लाखों फॉलोअर्स दुनिया भर में हैं। ऐसे में उनकी सकारात्मक टिप्पणी ने यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता का संदेश अंतरराष्ट्रीय समुदाय तक पहुंचाया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में तकनीक आधारित पुलिसिंग, साइबर मॉनिटरिंग और मजबूत सर्विलांस नेटवर्क पर लगातार जोर दिया जा रहा है। अलीगढ़ पुलिस की यह सफलता उसी बदलती कार्यसंस्कृति का प्रमाण है जहां अपराधियों तक पहुंचने में तकनीक सबसे बड़ा हथियार बन रही है।






