Uttarakhand

एडमिट कार्ड दिखाइए, रोडवेज बस में मुफ्त यात्रा करिए, नीट यूजी-2026 पुनर्परीक्षा के अभ्यर्थियों को राहत

21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, प्रवेश पत्र दिखाकर परीक्षा से दो दिन पहले और दो दिन बाद तक कर सकेंगे मुफ्त सफर

न्यूज डेस्क, 11 जून 2026:

नीट यूजी-2026 की 21 जून को प्रस्तावित पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखंड के अभ्यर्थियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। सरकार ने परीक्षा में शामिल होने वाले प्रदेश के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है।

इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार सन्त ने उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार यह सुविधा केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को ही मिलेगी। इसके लिए उन्हें नीट यूजी-2026 का वैध प्रवेश पत्र प्रस्तुत करना होगा।

सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों की आर्थिक और परिवहन संबंधी परेशानियों को कम करना है। अभ्यर्थी परीक्षा की तिथि से दो दिन पूर्व यानी 19 जून से लेकर परीक्षा दिवस 21 जून तक अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान निवास से परीक्षा केंद्र तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।

इतना ही नहीं, परीक्षा समाप्त होने के बाद भी अभ्यर्थियों को राहत दी गई है। परीक्षा केंद्र से वापसी के लिए परीक्षा तिथि के बाद दो दिनों तक यानी 23 जून तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मान्य रहेगी। इस अवधि में विद्यार्थी अपने गृह स्थान या वर्तमान प्रवास के पते तक बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे।

हालांकि यह सुविधा केवल उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित साधारण श्रेणी (ऑर्डिनरी) की बसों में ही उपलब्ध होगी। साथ ही यह केवल परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग तक सीमित रहेगी। प्रवेश पत्र ही यात्रा के दौरान पात्रता का प्रमुख आधार होगा। राज्य सरकार के इस फैसले का विद्यार्थियों और अभिभावकों ने स्वागत किया है। माना जा रहा है कि इससे हजारों अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। वे बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के अपनी परीक्षा पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों की बदलेगी तस्वीर, अन्नपूर्णा देवी से मिलीं रेखा आर्या, कई मुद्दे उठाए

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link