Barabanki City

व्यापारी ने दी चोरी की तहरीर, जांच में पासा पलटा तो पेश किया माफीनामा, कहा… सर गलती हो गई

लाखों की चोरी की सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने मौके का जायजा लिया, पूछताछ में घरवालों ने दिए अलग-अलग बयान, खुद को फंसते देख दुकानदार ने तहरीर वापस लेकर माफी मांगी, पुलिस ने कहा- कर्ज की वजह से व्यापारी ने झूठ बोला

बाराबंकी, 13 जून 2026:

बाराबंकी में चोरी की एक बड़ी वारदात का दावा उस समय सवालों के घेरे में आ गया, जब पुलिस की जांच आगे बढ़ी और शिकायतकर्ता ही अपने बयान से पीछे हट गया। मामला जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का है, जहां एक बैटरी कारोबारी ने दुकान से लाखों रुपये का सामान चोरी होने की सूचना दी थी।

खिजिरपुर निवासी विनय कुमार वर्मा की सद्दीपुर रोड पर अवध कॉलेज के पास बैटरी की दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया था कि चोर उनकी दुकान से करीब 20 बड़ी बैटरियां, 33 सोलर पैनल प्लेटें और लगभग 20 हजार रुपये नकद ले गए हैं। उनके मुताबिक घटना वाली रात वह परिवार के साथ बाहर गए थे और लौटकर सो गए थे।

सुबह उठने पर घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी मिली। इसके बाद परिजन पीछे के रास्ते से बाहर निकले तो दुकान का शटर टूटा दिखा। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई सामान गायब होने की बात सामने आई। सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लिया और शिकायतकर्ता ने तहरीर भी दे दी।

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस ने गहराई से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान घर के लोगों के बयान एक-दूसरे से मेल नहीं खाए। इससे पुलिस को घटना पर संदेह हुआ। पूछताछ आगे बढ़ी तो विनय कुमार वर्मा ने अपनी तहरीर वापस ले ली। विनय कुमार वर्मा ने पुलिस को लिखित रूप से बताया कि वह शिकायत वापस ले रहे हैं।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि कारोबारी पर कर्ज था और इसी वजह से चोरी की झूठी सूचना दी गई थी। पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए गलत सूचना देने संबंधी माफीनामा भी दे दिया है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button