Barabanki City

पूर्व मंत्री स्व. राजीव को शिवपाल ने दी श्रद्धांजलि, कहा… इंजन नहीं बचे, अब डिब्बे टकरा रहे

दरियाबाद विधानसभा में मनाई गई पुण्यतिथि, शिवपाल यादव का सरकार पर तीखा हमला, नमामि गंगे में अरबों के घोटाले का आरोप

बाराबंकी, 31 जनवरी 2026:

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार पूरी तरह बिखर चुकी है। पहले इंजन आपस में टकरा रहे थे और अब उसके डिब्बे भी भिड़ने लगे हैं। उन्होंने नमामि गंगे परियोजना में अरबों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच और पूरे मामले के खुलासे की मांग की।

शिवपाल यादव दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हड़ाहा में आयोजित पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजा राजीव सिंह की पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा। सपा नेता ने कहा कि नमामि गंगे योजना के नाम पर अरबों रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन किसी भी गांव में घर-घर पानी नहीं पहुंचा। योजना की सच्चाई अब सरकार के अपने विधायक ही उजागर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक नहीं, कई विधायकों ने इस योजना में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया है, फिर भी सरकार चुप है।

c88d2340-178b-4181-ae8e-24c7a295b93b

ये भी पढ़ें:

शिवपाल यादव ने कहा कि यह दोहरे चरित्र वाली सरकार है। एक तरफ शंकराचार्य से सर्टिफिकेट मांगा जा रहा है, दूसरी ओर किसानों और आम जनता से भी सबूत मांगे जा रहे हैं। शंकराचार्य को नोटिस भेजना सरकार की सोच को दिखाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रदेश के 75 जिलों में विकास होता था। आज दस साल बाद भी भाजपा सरकार सड़कों के गड्ढे तक नहीं भर पाई। पूर्व मंत्री स्वर्गीय बेनी बाबू का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे जिस गांव का नाम लिख देते थे, वहां सड़क बन जाया करती थी।

शिवपाल यादव ने कहा कि कोरोना काल में जनता को ठीक से इलाज नहीं मिला। नोटबंदी से आम लोग परेशान हुए, फायदा कुछ लोगों को हुआ और भ्रष्टाचार बढ़ा। आज किसान, महंगाई और गरीबों के मुद्दों पर बात नहीं होती। सरकार सिर्फ पूंजीपतियों की सुन रही है और समाज को बांटने का काम कर रही है।

एसआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि जो लोग आजादी के बाद से वोट देते आ रहे हैं, उनसे अब सबूत मांगे जा रहे हैं। प्रदेश में बेईमानों का राज है। थानों, तहसीलों और सरकारी दफ्तरों में खुलेआम लूट चल रही है। धान खरीद केंद्रों पर भारी भ्रष्टाचार है और किसान को 1500 रुपये में धान बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है।

शिवपाल यादव ने दावा किया कि जनता सब देख रही है और 2027 में इस सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी। इससे पहले सपा नेता का सैदखानपुर, अकबरपुर और कोटवाधाम में जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम को रितेश सिंह रिंकू, सुरेंद्र वर्मा, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, विधायक गौरव रावत, डॉ. विकास यादव ने भी संबोधित किया।

ये भी पढ़ें  जमीन के रुपये अटके, अपमान सहा, दोस्त को भावुक मैसेज भेजा, फिर कार में मिला व्यापारी का शव

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link