Lucknow CityUttar Pradesh

खाकी उतार खादी की राह पर सिपाही! बरेली के हेड कांस्टेबल ने राजनीति में कूदने का किया ऐलान

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पत्र और वीडियो, कहा- सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ने और एकता का संदेश देने के लिए चुनी राजनीति की राह, पुलिस अधिकारियों ने औपचारिक पत्र मिलने से किया इनकार

लखनऊ/बरेली, 15 जून 2026:

यूपी में एक ओर पुलिस की नौकरी पाने के लिए युवाओं के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है वहीं दूसरी ओर बरेली में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने राजनीति में आने के लिए पुलिस सेवा छोड़ने का ऐलान कर सबको चौंका दिया है। उसका इस्तीफा और उससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इससे पुलिस महकमे में भी चर्चा का माहौल है।

मामला बरेली जिले से जुड़ा है। मुरादाबाद के मैनाठेर क्षेत्र के रहने वाले हेड कांस्टेबल मोहम्मद जमशेद की मूल तैनाती फतेहगंज पूर्वी थाने में है। वर्तमान में वह एक वर्ष के लिए जीआरपी बरेली जंक्शन थाने से संबद्ध बताए जा रहे हैं। रविवार को एसएसपी को संबोधित एक त्यागपत्र सोशल मीडिया पर सामने आया। उसमें उन्होंने पुलिस सेवा छोड़कर राजनीति में जाने की इच्छा जताई है।

वायरल पत्र में जमशेद ने लिखा है कि पुलिस की वर्दी पहनने के बाद उन्हें समाज में सम्मान मिला और नौकरी के दौरान काफी अनुभव व ज्ञान प्राप्त हुआ। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। पत्र में आगे कहा गया है कि देश और प्रदेश में बढ़ रही सांप्रदायिकता को कम करने के उद्देश्य से वह राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं। इसी वजह से उन्होंने पुलिस सेवा से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है।

पत्र वायरल होने के कुछ घंटों बाद उनका एक वीडियो भी सामने आया। वीडियो में हाथ में इस्तीफा लिए जमशेद कहते दिखाई दे रहे हैं कि नौकरी छोड़ना आसान फैसला नहीं है लेकिन उनका उद्देश्य बड़ा है। उन्होंने कहा कि वह सांप्रदायिकता और नफरत फैलाने वाली ताकतों के खिलाफ संघर्ष करना चाहते हैं। समानता, एकता और धर्मनिरपेक्षता के लिए राजनीति में कदम रख रहे हैं।

हालांकि पूरे मामले में अभी कई सवाल बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर पत्र वायरल होने के बाद उसकी प्रामाणिकता को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस्तीफे की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक ऐसा कोई औपचारिक पत्र उनके कार्यालय को प्राप्त नहीं हुआ है।

अधिकारियों के अनुसार हेड कांस्टेबल से बातचीत की जाएगी और उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई और निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल वर्दी छोड़कर राजनीति में जाने की इस घोषणा ने पुलिस महकमे से लेकर सोशल मीडिया तक नई बहस छेड़ दी है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button