Lucknow CityUttar Pradesh

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को किसने जड़े थप्पड़… प्रदर्शन स्थल बना अखाड़ा

नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी के खिलाफ जयपुर में प्रदर्शन के दौरान हंगामा, समर्थकों ने हमलावर युवकों की पिटाई की, 20 जून को ‘दिल्ली चलो’ अभियान का ऐलान

न्यूज डेस्क, 15 जून 2026:

नीट-यूपी पेपर लीक समेत विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच सोमवार को जयपुर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके को प्रदर्शन स्थल पर कुछ युवकों ने थप्पड़ जड़ दिए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पार्टी समर्थकों ने कथित हमलावर युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी।

अभिजीत दीपके सोमवार को नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जयपुर के शहीद स्मारक पहुंचे थे। उनकी अगुवाई में सैकड़ों प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों और प्रदर्शनकारियों के बीच नारेबाजी को लेकर विवाद हो गया जो देखते ही देखते थप्पड़कांड में बदल गया।

CJP Founder Abhijeet Dipke Slapped at Protest Site (1)

घटना के बावजूद अभिजीत दीपके ने मंच संभाला और प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और निष्पक्ष परीक्षाओं की जरूरत है, न कि हिंदू-मुस्लिम और जाति-धर्म की राजनीति की। उन्होंने नारा लगाया… हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं चलेगी। दीपके ने कहा कि देश को आजादी बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है। युवाओं को विभाजनकारी मुद्दों से सावधान रहना होगा।

अपने संबोधन में उन्होंने 20 जून को दिल्ली कूच करने का ऐलान करते हुए कहा कि इस बार जब दिल्ली जाएंगे तो बिना इस्तीफे के नहीं लौटेंगे। उनके इस बयान पर प्रदर्शनकारियों ने ‘दिल्ली चलो’ के नारे लगाए।

सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक संगठन की नहीं बल्कि देश के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

CJP Founder Abhijeet Dipke Slapped at Protest Site (2)

प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने ‘मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है’ और ‘पेपर लीक बंद करो’ जैसे संदेशों वाले पोस्टर और तिरंगे लेकर विरोध जताया। कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी प्रदर्शन में पहुंचीं। कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक के गेट पर कॉकरोच की तस्वीर बनाकर ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारे लिखे।

वहीं, कार्यक्रम के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायतें भी सामने आईं, जिसके बाद मंच से लोगों को अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई। राष्ट्रगान के साथ प्रदर्शन का समापन हुआ।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button