देहरादून, 15 जून 2026:
उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना फॉर्म वितरण का काम तेज गति से आगे बढ़ रहा है। सोमवार शाम चार बजे तक प्रदेश में 88.48 फीसदी गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। अब निर्वाचन विभाग ने फॉर्म वितरण के साथ-साथ उनके डिजिटलीकरण और ऑनलाइन एंट्री पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए हैं।
सचिवालय में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने सभी जिलाधिकारियों के साथ अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों की सराहना की और निर्देश दिए कि अब दूसरे चरण में फॉर्म डिजिटाइजेशन की रफ्तार बढ़ाई जाए।
बैठक में उन विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, जहां फॉर्म वितरण की स्थिति अभी राज्य के औसत से कम है। ऐसे इलाकों में अतिरिक्त मोबाइल टीमों की तैनाती कर वितरण और डिजिटलीकरण का काम तेज करने के निर्देश दिए गए।
डॉ. जोगदण्डे ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने की संख्या कम है, वहां व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। लोगों को ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करने के मकसद से जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों में मोबाइल और आईटी टीमों को भेजा जाए, ताकि बीएलओ को तकनीकी सहायता मिल सके। साथ ही बीएलओ एप के नए मॉड्यूल का प्रशिक्षण 10 से 12 कर्मियों के छोटे समूहों में आयोजित करने को कहा गया।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फॉर्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर संपर्क अभियान के दौरान मतदाताओं को गणना फॉर्म के साथ किसी तरह का दस्तावेज जमा नहीं करना है।
उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की सहायता या जानकारी के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तर पर 1800 3300 1950 नंबर पर भी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, सभी जिलाधिकारी और ईआरओ मौजूद रहे।






