Lucknow City

जायकों से रूबरू कराएगी ‘फूड हेरिटेज वॉक’, चौक की गलियों में सजेगा स्वाद व विरासत का अनूठा संगम

वर्ल्ड सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी डे पर 18 जून को लखनऊ में UP पर्यटन का विशेष आयोजन, अवधी व्यंजनों और ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित होंगे प्रतिभागी

लखनऊ, 16 जून 2026:

नवाबी शहर लखनऊ अपनी समृद्ध खानपान परंपरा और अनूठे स्वाद के दम पर वैश्विक पहचान बना रहा है। यूनेस्को से ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ का दर्जा मिलने के बाद शहर की पाक विरासत को नई पहचान मिली है। इसी गौरवशाली विरासत का उत्सव मनाने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग सीएम योगी के ‘विजिट माई स्टेट : उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत 18 जून को वर्ल्ड सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी डे के अवसर पर विशेष ‘फूड हेरिटेज वॉक’ का आयोजन करने जा रहा है।

यह विशेष वॉक प्रतिभागियों को लखनऊ के ऐतिहासिक चौक क्षेत्र की उन गलियों में ले जाएगी जहां सदियों पुरानी खाद्य परंपराएं आज भी जीवंत हैं। यात्रा की शुरुआत प्रसिद्ध ‘राजा की ठंडाई’ से होगी। इसके बाद प्रतिभागी गोल दरवाजा, सेवक राम मिष्ठान भंडार, अकबरी गेट सहित कई ऐतिहासिक और खानपान से जुड़े प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेंगे। वॉक का समापन पुनः गोल दरवाजा पर होगा।

इस दौरान प्रतिभागियों को पारंपरिक अवधी व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा और वे लखनऊ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खाद्य परंपराओं से भी करीब से परिचित हो सकेंगे। अनुभवी टूर गाइड पूरी यात्रा के दौरान ऐतिहासिक तथ्यों, स्थानीय परंपराओं और व्यंजनों की विशेषताओं की जानकारी देंगे।

Lucknow Food Heritage Walk Discover Culinary Treasures (1)

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार पर्यटकों को प्रदेश की समृद्ध खानपान परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि लखनऊ को यूनेस्को क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी के रूप में मिली पहचान यहां की पाक कला और पारंपरिक व्यंजनों की विशिष्टता को दर्शाती है। फूड हेरिटेज वॉक जैसी पहलों के माध्यम से स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने, पारंपरिक खाद्य समुदायों को प्रोत्साहित करने और सस्टेनेबल गैस्ट्रोनॉमी को प्रदेश की पर्यटन पहचान का अहम हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि किसी भी पर्यटन स्थल की वास्तविक पहचान वहां की संस्कृति और खानपान से होती है। ‘विजिट माई स्टेट : उत्तर प्रदेश’ अभियान के जरिए ऐसे पर्यटन अनुभव विकसित किए जा रहे हैं जो पर्यटकों को प्रदेश की विरासत, स्थानीय परंपराओं और लोगों से जोड़ सकें।

इस फूड हेरिटेज वॉक में भाग लेने के लिए प्रति व्यक्ति 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इच्छुक प्रतिभागी यूपीएसटीडीसी के मोबाइल नंबर 91490 99890 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button