LDA का बड़ा कदम : फ्री-होल्ड रजिस्ट्री के लिए आज से विशेष शिविर, संपत्ति मालिकों को सीधा लाभ
पेपर मिल कॉलोनी समेत एलडीए की विभिन्न योजनाओं के किरायेदारों और संपत्ति धारकों के लिए प्राधिकरण भवन में आज से 22 जून तक विशेष कैम्प
लखनऊ, 17 जून 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में संपत्ति संबंधी प्रक्रियाओं को सरल और सुगम बनाने की दिशा में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने महत्वपूर्ण पहल की है। एलडीए द्वारा किराये की सम्पत्तियों के निबंधन (रजिस्ट्री), फ्री-होल्ड एवं नामांतरण की प्रक्रिया को तेज करने के लिए प्राधिकरण भवन में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

एलडीए के सचिव विवेक श्रीवास्तव के मुताबिक अभी तक अपने पक्ष में सम्पत्ति का क्रय नहीं कराने वाले किरायेदार प्राधिकरण भवन स्थित यूको बैंक से रेंट की विक्रय पुस्तिका खरीदकर नियमानुसार आवेदन कर सकते हैं। वहीं, जिन किरायेदारों ने अपनी सम्पत्ति का लीज-होल्ड निबंधन पहले ही करा लिया है वे एलडीए की वेबसाइट पर जनहित सेवा पोर्टल के माध्यम से फ्री-होल्ड निबंधन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पेपर मिल कॉलोनी की सम्पत्तियों के फ्री-होल्ड निबंधन के लिए आज और कल यानी 18 जून को प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त रेंट अनुभाग की अन्य सभी योजनाओं से संबंधित मामलों के लिए 19, 20 और 22 जून को तीन दिवसीय विशेष शिविर लगाया जाएगा।
एलडीए ने सभी पात्र नागरिकों से इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है। प्राधिकरण का कहना है कि फ्री-होल्ड निबंधन से संपत्ति अभिलेखों का नियमितीकरण होने के साथ भविष्य में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी जटिलताओं से भी राहत मिलेगी। यह पहल संपत्ति धारकों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो सकती है।






