देहरादून, 18 जून 2026:
दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक चल रही हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन को अब उत्तराखण्ड के ऋषिकेश स्थित लक्ष्मणझूला तक ले जाने की दिशा में बड़ी प्रोग्रेस हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के बाद उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के बीच इस विस्तार परियोजना पर सहमति बन गई है। अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के लिए सर्वे शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
फरवरी में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद से ही इसे ऋषिकेश तक बढ़ाने की मांग उठ रही थी। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर प्रस्ताव सौंपा था। इसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
परियोजना को रफ्तार देने के लिए उत्तराखण्ड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी बनाया है। एनसीआरटीसी भी अपना नोडल अधिकारी नियुक्त कर चुका है। उत्तर प्रदेश सरकार की सहमति मिलने के बाद अब डीपीआर तैयार करने के लिए सर्वे शुरू किया जाएगा।

प्रस्ताव के मुताबिक नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होगा। यह मुजफ्फरनगर के रास्ते उत्तराखण्ड में दाखिल होगा और रुड़की, हरिद्वार में हर की पैड़ी होते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। प्रस्तावित 150 किलोमीटर ट्रैक में 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखण्ड में होगा।
इस कॉरिडोर के बनने से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को नया आधुनिक ट्रांसपोर्ट विकल्प मिलेगा। अभी सड़क मार्ग से दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में पांच से छह घंटे लगते हैं, जबकि 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली नमो भारत ट्रेन के जरिए यही सफर ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत सेवा का विस्तार उत्तराखण्ड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। राज्य सरकार केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और एनसीआरटीसी के साथ लगातार तालमेल बनाकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ा रही है। बेहतर रेल और परिवहन ढांचे के जरिए राज्य में विकास और रोजगार के नए मौके पैदा होंगे।






