Lucknow City

LDA Action: काकोरी में चला बुलडोजर, 25 बीघे में फैली 5 अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

महतवां में चल रही थी प्लॉटिंग, लगातार कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा अवैध निर्माण का खेल, राजधानी में एलडीए का अभियान तेज

लखनऊ, 20 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में काकोरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एलडीए ने बिना ले-आउट मंजूरी के विकसित की जा रही पांच अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि काकोरी के ग्राम महतवां में यह कार्रवाई की गई। इस गांव में पंकज यादव, शिव कुमार, दरोगा, राज यादव समेत अन्य लोगों द्वारा लगभग 25 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। जांच में पाया गया कि इन प्लॉटिंग परियोजनाओं के लिए एलडीए से कोई ले-आउट स्वीकृत नहीं कराया गया था।

LDA Bulldozer Action Illegal Plottings in Kakori (1)

इसके बाद प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़कें, भूखंडों की सीमांकन संरचनाएं और अन्य विकास कार्यों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। एलडीए अधिकारियों के अनुसार राजधानी में अवैध कॉलोनियों और निर्माण कार्यों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में इंदिरानगर, गोमतीनगर, चिनहट, गोसाईंगंज, मोहनलालगंज, काकोरी और सरोजनीनगर समेत कई क्षेत्रों में सैकड़ों बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

इसके अलावा कई अवैध निर्माणों को सील करने के साथ उन्हें ध्वस्त भी किया गया है। हालांकि एलडीए की सख्ती के बावजूद शहर और आसपास के इलाकों में अवैध प्लॉटिंग तथा निर्माण का सिलसिला पूरी तरह थमता नजर नहीं आ रहा। ऐसे में एक ओर जहां अवैध निर्माणकर्ताओं की गतिविधियां जारी हैं वहीं दूसरी ओर एलडीए का बुलडोजर भी लगातार कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों ने लोगों से बिना प्राधिकरण की स्वीकृति वाली योजनाओं में निवेश न करने की अपील की है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button